नयी दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की चोट के कारण IPL के पहले दो सप्ताह में नहीं खेल पाएंगे। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को यह जानकारी दी। CSK ने बयान में कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल पिंडली की चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। इस कारण उनका IPL 2026 के पहले दो सप्ताह में खेलने की संभावना नहीं है।’
धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से IPL खेलना जारी रखा है। इस 44 वर्षीय खिलाड़ी के IPL में भविष्य को लेकर प्रत्येक सत्र में कयास लगाए जाते हैं। धोनी अब सिर्फ IPL में खेलते हैं इसलिए उनके लिए मैच फिटनेस बनाए रखना और भी मुश्किल हो जाता है। रुतुराज गायकवाड़ हालांकि टीम के कप्तान हैं, लेकिन टीम की रणनीति धोनी के इर्द-गिर्द ही घूमती है।
वह IPL की शुरुआत से ही इस टीम से जुड़े हुए हैं। धोनी ने पिछले IPL में 14 मैच खेले थे और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए फिनिशर की भूमिका निभाई थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से उन्हें घुटने की समस्या से बार-बार जूझना पड़ा है और 2023 में उनकी सर्जरी भी हुई थी। CSK IPL-2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगा।