नयी दिल्ली : भारतीय बल्लेबाजी के सुपरस्टार विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए। तीन मैचों की सीरीज 13 जून को धर्मशाला में शुरू होगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘कोहली हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।’ अपनी शानदार फिटनेस के लिए मशहूर 37 वर्षीय कोहली ने हाल ही में समाप्त हुए IPL में शानदार प्रदर्शन किया था। IPL में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता था। कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में नाबाद अर्द्धशतक लगाकर विजयी रन बनाया था।
अपने T-20 खेल में कुछ बदलाव करने वाले कोहली ने आरसीबी के विजय अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने एक शतक और पांच अर्द्धशतक सहित 675 रन बनाए।कोहली के बाहर हो जाने से आगामी वनडे सीरीज की चमक भी फीकी पड़ गई है। भारत का यह पूर्व कप्तान अब केवल वनडे प्रारूप में ही खेलता है लेकिन अब भी वह दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कोहली की शानदार फिटनेस को देखते हुए ऐसा कभी कभार ही हुआ है जब वह चोटिल होने के कारण किसी मैच या सीरीज से बाहर हो गए हों।
अब यह देखना बाकी है कि रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। वह भी कोहली की तरह अब केवल वनडे प्रारूप में ही भारत की तरफ से खेलते हैं। IPL के दौरान रोहित की हैमस्ट्रिंग में भी खिंचाव आ गया था और उन्हें कुछ मैच से बाहर रहना पड़ा था। उन्हें फिटनेस के आधार पर ही टीम में शामिल किया गया है। कोहली और रोहित दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
इसके बाद से ही उनके वनडे करियर को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। अगला वनडे विश्व कप अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में होगा। कोहली और रोहित को उनकी फॉर्म और फिटनेस के आधार पर ही विश्व कप की टीम में जगह मिलेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। भारत इसके बाद अपना अगला वनडे इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई को खेलेगा। तब भारतीय टीम तीन वनडे मैच की सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी।