मुल्लांपुर : आईपीएल लीग के शुरुआती 7 मुकाबलों में अंक तालिका में सबसे निचली पायदान पर रही मुंबई इंडियंस ने इसी दौरान टॉप पर रही गुजरात टाइटंस को शुक्रवार को एलिमिनेटर में 20 रन से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बना ली। अब मुंबई का सामना रविवार को पंजाब किंग्स से होगा जिसमे जीतने वाली टीम तीन जून को अहमदाबाद में फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से खेलेगी। मुंबई ने रोहित (50 गेंद में 81) और बेयरस्टो (22 गेंद में 47) की पारियों के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 228 रन बनाये। जवाब में आईपीएल के इस सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले साइ सुदर्शन के 80 रन के बावजूद गुजरात की टीम 6 विकेट पर 208 रन ही बना सकी व टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
मुंबई ने आखिरी ओवर में सिर्फ 3 रन दिए : गुजरात ने 16वें ओवर तक मैच अपनी जद से निकलने नहीं दिया लेकिन सुदर्शन के विकेट के बाद मुंबई ने शिकंजा कस लिया। जसप्रीत बुमराह ने अपने चिर परिचित यॉर्कर पर वॉशिंगटन सुंदर (24 गेंद में 48 रन) को बोल्ड किया। इसके बाद रिचर्ड चलते बने। आखिरी आेवर में गुजरात के दो खब्बू बल्लेबाज राहुल तेवतिया और शेरफान रदरफोर्ड क्रीज पर थे। टीम को 24 रन की जरूरत थी और मुंबई के लिए इस मैच के जरिये पदार्पण करने वाले ग्लीसन ने सिर्फ तीन ही रन देकर जीत दिला दी।
रोहित के नाम आईपीएल में 300 छक्के मारने का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा आईपीएल में 300 छक्के पूरे करने वाले पहले सक्रिय खिलाड़ी बन गए। उनके नाम 300 छक्के दर्ज हो गए हैं। वहीं, विराट कोहली 291 छक्के के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि धोनी (264) और आंद्रे रसेल (223) क्रमश: तीसरे और चौथे पायदान पर हैं। रोहित ने गुजरात के खिलाफ मुकाबले में दो छक्के लगाते ही आईपीएल में 300 छक्के पूरे कर लिए। इस समय रोहित के अलावा आईपीएल में ऐसा कोई भी खिलाड़ी सक्रिय नहीं है जिसने इस टूर्नामेंट में 300 छक्के लगाए हो।