क्रिकेट

India vs West Indies : पांड्या-पंत को नहीं मिला मौका

वेस्टइंडीज दौरे के लिए नई वनडे और T-20 टीम घोषित, एशियाई खेलों की टीम से कई चेहरे शामिल, हार्दिक-पंत की गैरमौजूदगी में गिल और अय्यर पर नेतृत्व की बड़ी जिम्मेदारी

Deepak Ram

नयी दिल्ली : पंजाब के युवा हरफनमौला नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में पहली बार शामिल किया गया है जबकि अनुभवी हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत अलग-अलग कारणों से टीम में जगह नहीं बना सके। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन वनडे और पांच T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। वेस्टइंडीज के इस दौरे का पहला मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जायेगा। T-20 टीम में मुख्य रूप से एशियाई खेलों के लिए चुने गए खिलाड़ी शामिल होंगे। यश ठाकुर और विपराज निगम की जगह मयंक यादव और प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।

हार्दिक के 20 सितंबर को फिट घोषित किए जाने की संभावना है लेकिन राष्ट्रीय चयन समिति उन्हें तभी टीम में चुनेगी जब वह भारत ‘ए’ के लिए 10 ओवर गेंदबाजी करके अपनी फिटनेस साबित कर देंगे। चयन समिति ने नितीश कुमार रेड्डी को एशियाई खेलों की टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है तो वहीं अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है।

धीर को घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए और IPL में मुंबई इंडियंस के लिए किए गए प्रभावी प्रदर्शन का इनाम मिला है। दूसरी ओर नबी ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में सरे के लिए दमदार प्रदर्शन कर पहली बार राष्ट्रीय एकदिवसीय टीम में जगह बनाई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ यह सीरीज चयनकर्ताओं को नए खिलाड़ियों और अनुभवी खिलाड़ियों को परखने का मौका देगी। जडेजा की वापसी से टीम में अनुभव का भी इजाफा होगा।

भारत की वनडे टीम : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर।

भारत की T-20 टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।

SCROLL FOR NEXT