क्रिकेट

भारत ने पांच विकेट पर 255 रन बनाये

सैमसन, अभिषेक और किशन के अर्द्धशतक

अहमदाबाद : भारत ने संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के अर्द्धशतक से रविवार को यहां T-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 255 रन बनाए। सैमसन ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन की और दूसरे विकेट के लिए किशन के साथ 105 रन की भागीदारी निभाई।

सैमसन ने 46 गेंद की पारी में पांच चौके और आठ छक्के जड़े। अभिषेक ने 18 गेंद में अर्द्धशतक जड़ा जो T-20 विश्व कप नॉकआउट मैच का और इस चरण का सबसे तेज अर्द्धशतक भी है।

उन्होंने 21 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए लेकिन रचिन रविंद्र की गेंद में विकेटकीपर को कैच देकर आउट हो गए। इस तरह भारत ने अपना पहला विकेट 98 रन पर गंवाया। किशन ने 25 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और चार छक्के जमाए। अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के से नाबाद 26 रन का योगदान दिया।


T-20 वर्ल्ड कप फाइनल : हर तरफ क्रिकेट का बुखार :
 भारत और न्यूजीलैंड के बीच T-20 विश्व कप फाइनल से पहले मानों पूरा शहर क्रिकेट के बुखार की गिरफ्त में है और नरेंद्र मोदी स्टेडियम की ओर जाने वाले हर रास्ते पर ‘जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया वर्ल्ड कप जीतेगा’ का शोर सुनाई दिया। देशभर से क्रिकेटप्रेमियों का जमावड़ा मानों स्टेडियम में लगा रहा। भारतीय टीम की जर्सी और कैप पहने हजारों की संख्या में दर्शक स्टेडियम के बाहर काफी पहले ही से जमा होने लगे थे। केरल से आये प्रशंसकों का एक समूह खास तौर पर संजू सैमसन और वरुण चक्रवर्ती के लिये जमा रहा।

केरल से आये मनोज कुमार ने कहा, ‘हम यहां केरल से संजू सैमसन और वरुण के लिये आये हैं। वे भारत को विश्व कप दिलायेंगे। यह कठिन मैच होगा। हम पिछली बार आॅस्ट्रेलिया से हारे थे लेकिन इस बार जीतेंगे।’ पुणे से आये केतन यादव ने भारतीय टीम में भरोसा जताते हुए कहा, ‘हार्दिक पांड्या इस मैच में कमाल करेगा और भारत जीतेगा।’ गुजरात के द्वारका से एक व्यक्ति बाल गोपाल कृष्ण की मूर्ति लेकर स्टेडियम में आया है। गुजरात से आये मिलनभाई ने कहा, ‘मैने शपथ ली थी कि भारत फाइनल में पहुंचेगा तो मैं श्रीकृष्ण को मैच और भारत की जीत दिखाने अहमदाबाद लेकर आऊंगा। भगवान कृष्ण की कृपा से हम आज जीतेंगे ।’

भारतीय टीम की जर्सी, टीशर्ट, कैप और तिरंगा बेचने वालों की तो चांदी हो गई। स्टेडियम में घुसने से पहले भारी संख्या में दर्शक ये खरीदते देखे गए। मैच की सुरक्षा के चाक चौबंद उपाय किये गए हैं। अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जी एस मलिक ने कहा ,‘बंदोबस्त के तहत करीब 3000 पुलिसकर्मी और 1000 होमगार्ड तैनात किये गए हैं। हमने भगदड़ की आशंका से बचने के लिये गेट नंबर एक और दो के पास होल्डिंग क्षेत्रग बनाये हैं। पहली बार मैच के दौरान इसे आजमाया जायेगा।’

SCROLL FOR NEXT