तिरुवनंतपुरम : भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम के बीच रविवार को 5 मैचौं की T-20 सीरीज का चौथा मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला गया। भारत ने अपना T-20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा स्कोर (221 रन) बनाते हुए श्रीलंका को हरा दिया। टीम ने चौथे मैच में 30 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 4-0 की बढ़त भी बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 221 रन बनाये थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 6 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। यह टी-20 में श्रीलंका का भी बेस्ट स्कोर रहा। बड़े टारगेट के सामने श्रीलंका से कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 52 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी श्रीलंकाई बल्लेबाज 33 रन से अधिक नहीं बना सका। भारत से गेंदबाजी में वैष्णवी शर्मा और अरुंधति रेड्डी ने 2-2 विकेट लिए। अब पांचवां मुकाबला 30 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम में ही खेला जाएगा।
मंधाना और शेफाली की तूफानी पारी
सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी की। शेफाली वर्मा ने सीरीज में लगातार तीसरी फिफ्टी लगाई। वे 79 रन (12 चौके, 1 छक्का) बनाकर आउट हुईं। वहीं मंधाना ने 35 गेंद में फिफ्टी पूरी की और 80 रन (11 चौके, 3 छक्के) बनाकर पवेलियन लौटीं। ऋचा घोष ने 16 गेंद पर नाबाद 40 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 10 गेंद पर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारत ने अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया
टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। टीम ने श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में 2 विकेट खोकर 221 रन बनाये। इससे पहले भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 विकेट खोकर 217 रन बनाए थे।
मंधाना के 10 हजार रन पूरे
भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने वाली भारत की दूसरी और दुनिया की कुल चौथी बल्लेबाज बनीं। स्मृति ने यहां ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में निमाशा मीपागे की गेंद पर एक रन के साथ 27 रन बनाने के साथ ही महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे किए। स्मृति यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय और कुल चौथी बल्लेबाज हैं। भारत की मिताली राज, इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स उनके पहले यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इतना ही नहीं स्मृति मंधाना ने 15वें ओवर में अपना तीसरा सिक्स लगाया। इसी के साथ वे T-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। वे कप्तान हरमनप्रीत कौर से आगे निकलीं, जिनके नाम 77 सिक्स हैं।
भारत के लिए बेस्ट पार्टनरशिप
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए बेस्ट पार्टनरशिप का रिकॉर्ड भी बना लिया। दोनों ने अपना ही रिकॉर्ड सुधारा। इससे पहले 2019 में दोनों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 149 रन जोड़े थे। दोनों ने मिलकर अब श्रीलंका के खिलाफ 162 रन की पार्टनरशिप की।