माउंट मोनगानुई : अर्शदीप सिंह की अगुवाई में गेंदबाजों की उत्कृष्ट प्रदर्शन ने भारत की इज्जत बचा ली, वरना आखिरी वनडे में भी बल्लेबाजों ने तो घुटने टेक दिए थे। भारत ने अपने कम स्कोर का बचाव करते हुए रविवार को यहां पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर 5 मैचों की शृंखला 3-1 से जीत ली। भारतीय बल्लेबाजों ने लगातार दूसरे मैच में निराशाजनक प्रदर्शन किया और उसकी टीम पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद 42.1 ओवर में 209 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने हालांकि न्यूजीलैंड को शुरू से बैकफुट पर रखा और उसकी पूरी टीम को 48.1 ओवर में 187 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने पहले दोनों मैच जीते थे जबकि न्यूजीलैंड चौथा मैच जीतने में सफल रहा था। शृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। इस तरह से गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारत ने वनडे में विदेशी धरती पर अपनी पहली शृंखला जीती।
भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी का शानदार नमूना पेश करते हुए न्यूजीलैंड के किसी भी बल्लेबाज को अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदलने दिया। अर्शदीप सिंह ने 30 रन देकर तीन, मोहम्मद सिराज ने 50 रन देकर दो और अक्षर पटेल ने 28 रन देकर दो विकेट लिए। इस दौरे में अपना पहला मैच खेल रहे सिराज ने टिम सीफर्ट (14) को मिड ऑन पर आसान कैच देने के लिए मजबूर किया। लेकिन पिछले मैच में शतक जड़ने वाले विल यंग (22) और निक केली (24) ने अगले 11 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस दौरान इन दोनों ने 38 रन जोड़े। अर्शदीप ने इन दोनों को आउट किया जबकि सिराज ने फिन एलन को आते ही पवेलियन भेजकर भारत की उम्मीद जगा दी। इस बीच अगर विराट कोहली ने अर्शदीप की गेंद पर दूसरी स्लिप में डीन फॉक्सक्रॉफ्ट का कैच नहीं छोड़ा होता तो न्यूजीलैंड की स्थिति और खराब हो जाती। अर्शदीप ने यंग को बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच आउट करवाया। रुतुराज गायकवाड़ ने उनका शानदार कैच लिया। इसके बाद उनकी गेंद केली के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों में समा गई। सिराज ने एलन (01) का ऑफ स्टंप थर्राया जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 64 रन से चार विकेट पर 83 रन हो गया। श्रेयस अय्यर ने अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा रखा और इसके सकारात्मक परिणाम भी दिखे। जब फॉक्सक्रॉफ्ट (31) और माइकल ब्रेसवेल (19) की जोड़ी खतरनाक नजर आ रही थी तब लगातार गेंदों पर इन दोनों के विकेट गंवाने से न्यूजीलैंड संकट में पड़ गया। औकिब नबी ने ब्रेसवेल को शार्ट पिच गेंद पर चकमा दिया जबकि पदार्पण कर रहे यश ठाकुर ने फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड करके अपने करियर का पहला विकेट लिया। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की थी।