क्रिकेट

भारत A ने बनाए एक विकेट पर 247 रन

साई सुदर्शन के लगातार दूसरे शतक और पडिक्कल की नाबाद 94 रन की पारी से भारत A मजबूत, श्रीलंका A के पहली पारी के स्कोर से अब भी 119 रन पीछे

श्रीलंका : सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सीरीज में लगातार दूसरा शतक जड़ा जिससे भारत A ने शुक्रवार को यहां दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन एक विकेट पर 247 रन बना लिए। भारत A अब श्रीलंका A से 119 रन से पीछे है। मेजबान टीम पहली पारी में 366 रन पर आउट हो गई। मेहमान टीम के शानदार प्रदर्शन का श्रेय सुदर्शन (नाबाद 104 रन) को जाता है जिन्होंने 166 गेंद पर अपना 10वां प्रथम श्रेणी शतक बनाया। देवदत्त पडिक्कल ने भी उतना ही शानदार प्रदर्शन किया और वह 151 गेंद पर 94 रन बनाकर खेल रहे हैं। अमन मोखाड़े के 38 रन पर आउट होने के बाद बाएं हाथ के दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए अब तक 181 रन जोड़ लिये हैं।

सुदर्शन और मोखाड़े ने पहले विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी बनाई। ऑफ-स्पिनर केशर नुवांथा ने मोखाड़े को आउट किया, लेकिन धीमी टर्निंग पिच पर मेजबान टीम को दिन में बस यही एकमात्र सफलता मिली। इसके बाद सुदर्शन और देवदत्त ने आसानी से श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ रन जुटाए। तमिलनाडु के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाज असंका मनोज की गेंद पर चौका लगाकर 85 गेंद में अपना अर्द्धशतक पूरा किया और बाद में बिना ज्यादा परेशानी के शतक पूरा किया। सुदर्शन ने ड्रॉ हुए पहले अनौपचारिक टेस्ट में भी शतक बनाया था और पूरी उम्मीद हे कि श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए जल्द ही घोषित होने वाली भारतीय टीम में जगह पक्की कर ली है। देवदत्त भी श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए जगह बनाने की दौड़ में हैं।

उन्होंने 67 गेंद में अर्द्धशतक बनाया और सुदर्शन के साथ मिलकर श्रीलंकाई गेंदबाजों को परेशान करते रहे। यह इस सीरीज में देवदत्त का लगातार दूसरा अर्द्धशतक था। हालांकि दिन की शुरुआत में घरेलू टीम के लिए एक खुशी का पल आया जब कप्तान सहन अराचिगे ने अपना नौवां प्रथम श्रेणी शतक पूरा किया। अराचिगे ने रात के 83 रन से आगे खेलना शुरू किया और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ (77 रन देकर चार विकेट) की गेंद पर एक रन लेकर 176 गेंद में तीन अंकों का आंकड़ा पार किया। बाद में उन्होंने बराड़ पर छक्का लगाकर 127 रन बनाए। लेकिन दो गेंद बाद भारतीय तेज गेंदबाज ने अराचिगे के स्टंप उखाड़कर बदला ले लिया। अनुभवी ऑफ-स्पिनर सारांश जैन (92 रन देकर चार विकेट) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और भारत ए ने 78 रन पर श्रीलंका ए के बाकी पांच विकेट चटका दिए।  

SCROLL FOR NEXT