क्रिकेट

खुद को प्रेरित करने के लिए जश्न का अलग तरीका अपनाता हूं : आकाश सिंह

विकेट लेने के बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कागज का टुकड़ा निकाला, जिस पर लिखा था, ‘अक्की आग लगा रहा है। आकाश जानता है कि T-20 क्रिकेट में विकेट कैसे लिए जाते हैं।’

लखनऊ : लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की IPL मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ जीत में तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने जश्न के अपने अनोखे तरीके से लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा और उन्होंने कहा कि वह खुद को प्रेरित करने और बल्लेबाजों पर दबदबा कायम रखने के उद्देश्य से इस तरह का जश्न मनाते हैं। विकेट लेने के बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कागज का टुकड़ा निकाला, जिस पर लिखा था, ‘अक्की आग लगा रहा है। आकाश जानता है कि T-20 क्रिकेट में विकेट कैसे लिए जाते हैं।’ इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के साथ अपने IPL करियर की शुरुआत की थी और वह 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की खिताब जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे।

इसके बाद वह LSG से जुड़ गये। आकाश से संवाददाता सम्मेलन में जब पूछा गया कि उन्होंने कागज के टुकड़े पर क्या लिखा था, उन्होंने कहा, 'अक्की को T-20 क्रिकेट में विकेट लेना आता है। ऐसा है ना।’ आकाश ने बताया कि इससे उन्हें प्रेरणा मिलती है और यह बल्लेबाजों पर हावी होने और टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है। उन्होंने कहा, ‘विभिन्न लोगों के लिए अलग-अलग चीज प्रेरणा का काम करती हैं। कभी मैं कागज का टुकड़ा दिखाता हूं तो कभी नहीं। इससे मेरी उस दिन की मानसिकता का पता चलता है। जब आप अपने साथ कुछ लिखा हुआ कागज रखते हैं तो अपने लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करते हैं।’ राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले आकाश ने कहा कि पिछले दो वर्षों में LSG के सहयोगी स्टाफ से मिले सहयोग से उन्हें एक अच्छा क्रिकेटर बनने में मदद मिली।

उन्होंने कहा, ‘मैं दो साल से LSG के साथ हूं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही है कि मुझे कोच का पूरा समर्थन मिला है, भले ही मुझे अंतिम एकादश में जगह नहीं मिले।’ आकाश ने कहा, ‘इस साल हमारे साथ भरत अरुण सर हैं, पिछले साल जहीर सर थे। टॉम मूडी भी हैं। जिस तरह से वह हमारा मार्गदर्शन करते हैं, हमें किसी भी स्थिति से निपटने और मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार रखते हैं, वह बहुत मायने रखता है।’ उन्होंने कहा, ‘प्रत्येक खिलाड़ी मौके का पूरा फायदा उठाना चाहता है। कप्तान का समर्थन भी काफी मायने रखता है और ऋषभ भैया बहुत आत्मविश्वास बढ़ाते हैं जिससे बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।’

आकाश में बताया कि ऋषभ पंत ने CSK के खिलाफ मैच से पहले उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा रखने के लिए कहा था। उन्होंने कहा, ‘ऋषभ भैया ने मुझसे कहा कि नई गेंद मेरी ताकत है और मैं इसे दोनों तरफ स्विंग करा सकता हूं। इसलिए मैंने अपने कौशल का भरपूर इस्तेमाल करने की कोशिश की। विकेट पर अच्छी उछाल थी और मैंने बाउंसर का अच्छी तरह से उपयोग करने पर ध्यान केंद्रित किया।’ आकाश ने कहा कि 2020 से IPL में खेलने के अनुभव से उन्हें विपक्षी बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘जब आप IPL में खेलते हैं तो ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों की खूबियों और कमियों को समझते हैं। मैं अपने मजबूत पक्ष पर ध्यान केंद्रित करता हूं और फिर परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करता हूं।’  

SCROLL FOR NEXT