प्रतिकात्मक तस्वीर 
क्रिकेट

ये रही IPL में BCCI के कड़े रुख की वजह

बोर्ड की भ्रष्टाचार निरोधक ईकाई ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और टीम अधिकारियों के होटल के कमरों में अनधिकृत मेहमानों को लेकर चेताया और यह भी आगाह किया कि यह ‘हनी ट्रैप’ हो सकता है

बेंगलुरू : प्रतिबंधित जगहों पर रील्स बनाना, सुरक्षा मंजूरी के बिना तफरीह करना और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से खिलाड़ियों की निकटता ऐसी वजहें रही जिनके कारण BCCI को कड़े परामर्श जारी करने पड़े और अब IPL टीमें निजता से समझौता किये बिना इनका पालन करने की कोशिश में जुटी हैं। बोर्ड की भ्रष्टाचार निरोधक ईकाई ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और टीम अधिकारियों के होटल के कमरों में अनधिकृत मेहमानों को लेकर चेताया और यह भी आगाह किया कि यह ‘हनी ट्रैप’ हो सकता है। नतीजतन BCCI ने परामर्श जारी किया जिसमें मेहमानों पर प्रतिबंध के साथ खिलाड़ियों को अपनी गतिविधियों के बारे में सुरक्षा अधिकारियों को सूचित करना अनिवार्य कर दिया गया है।

इसके उल्लंघन के प्रमुख मामलों में खिलाड़ियों की इंफ्लुएंसर्स से निकटता है जिनकी सेवायें प्रतिभागी टीमों के लिये सोशल मीडिया कंटेट तैयार करने के मकसद से अल्प अवधि के लिये ली जाती हैं। एक घटना में टीम के युवा खिलाड़ियों में से एक ने कंटेट टीम के नये सदस्य से रील्स बनाने , वीडियो और तस्वीरें लेने में उनकी मदद करने के लिये कहा जो उनके निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने के लिये था। किसी खिलाड़ी के लिए नियो-मीडिया कंटेंट बनाने के लिए बाहर से मदद लेना कोई नयी बात नहीं है लेकिन इस खास मामले में ब्लॉगर ने ‘ट्रैक्शन’ पाने के लिए अपने प्राइवेट अकाउंट पर कुछ वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल किया।

यह शूट सीमारेखा के भीतर किया गया जिसमें टीम के अभ्यास और अन्य मैदानी गतिविधियों के दृश्य हैं । बाद में खिलाड़ी के होटल के कमरे के भी दृश्य इसमें हैं । एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने कहा, ‘हमें BCCI से नये नियमों के निर्देश मिले हैं और उनका पालन कराने के उपाय किये जा रहे हैं । नये खिलाड़ी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और यह आधुनिक ट्रेंड है जिसे स्वीकार करना होगा लेकिन BCCI द्वारा तय सीमा के भीतर ही किया जाना चाहिये।’ उन्होंने कहा, ‘लोगों की हर गतिविधि पर नजर रखना संभव नहीं है। यह एक मसला है। हम खिलाड़ियों और कंटेंट टीमों को BCCI के नियमों और उन्हें तोड़ने के परिणामों से अवगत करा रहे हैं ।’

उन्होंने कहा, ‘हम कंटेट टीम के सदस्यों की संख्या भी कम कर रहे हैं खासकर उनकी जिन्हें IPL सत्र के दौरान दो तीन महीने के लिये नियुक्त किया जाता है। सीनियर खिलाड़ियों को नियमों के बारे में पता है और यह भी पता है कि उनका पालन कैसे करना है। पहली बार IPL खेल रहे क्रिकेटरों को हालात की गंभीरता के बारे में पता नहीं है। वे सितारों का अनुसरण करके सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स चाहते हैं लिहाजा उन्हें जागरुक करना होगा।’ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के कमरों में अनधिकृत आगंतुकों को लेकर बोर्ड की चिंता गहरा गई जब हाल ही में एक और खिलाड़ी अक्सर देर रात तक अपने कमरे में कुछ लोगों की मेजबानी करता पाया गया। ‍BCCI के एसीयू अधिकारी ने टीम मैनेजर को समन किया लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं था।

मैनेजर ने टीम में खिलाड़ी की वरिष्ठता का हवाला देकर उसका बचाव करने की कोशिश की।IPL में बतौर टीम मैनेजर लंबे समय तक काम कर चुके एक पूर्व अधिकारी ने कहा, ‘मैं हैरान नहीं हूं। कई बार खिलाड़ी अपने कद का फायदा उठाकर नियमों को ताक पर रख देते हैं। एक बार मैने एक खिलाड़ी से कहा था कि दोस्तों से लॉबी रेस्त्रां में मिले, अपने कमरे में नहीं। इस पर उसने कहा कि आप चिंता मत करो, मैं बोर्ड अधिकारियों से कह दूंगा, अगर वे पूछेंगे तो।’ एक अन्य घटना में एक खिलाड़ी ने टीम अधिकारी के कॉल का जवाब नहीं दिया जिसने सूचना देने के लिये उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया था। वह खिलाड़ी देर रात अपने दोस्तों के साथ होटल में आया लेकिन इस बात को दबा दिया गया क्योंकि खिलाड़ी टीम मालिकों के करीब माना जाता है।

SCROLL FOR NEXT