होबार्ट : कप्तान एलिसा हीली ने 158 रन की पारी खेलकर शानदार अंदाज में वनडे क्रिकेट को अलविदा कहा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां तीसरे और आखिरी महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में विश्व चैंपियन भारत को 185 रन से हराकर सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप की। पैंतीस साल की हीली का यह अंतिम वनडे मैच था जिनके 158 रन और बेथ मूनी के नाबाद 106 रन की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सात विकेट पर 409 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इस 410 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर ऑल आउट हो गई और तीन मैचों की सीरीज 0-3 से गंवा बैठी।
हीली छह मार्च से भारत के खिलाफ पर्थ में एकमात्र गुलाबी गेंद का टेस्ट खेलने के बाद अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह देंगी। हीली ने 126 वनडे मैचों में 3777 रन बनाए हैं जिसमें आठ शतक और 19 अर्द्धशतक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया ने फीबी लिचफील्ड (14) का विकेट जल्दी खो दिया लेकिन हीली और जॉर्जिया वोल (52 गेंद पर 62 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। हीली और मूनी ने भी तीसरे विकेट के लिए 145 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अपना 126वां मैच खेल रही हीली ने आठवां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा जिसमें उन्होंने 27 चौके और दो छक्के मारे। वोल ने अपनी पारी के दौरान सात चौके और एक छक्का लगाया जबकि मूनी की पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
अनाबेल सदरलैंड (23) और निकोला कैरी (15 गेंद में से 34 रन) ने आखिर में तेजी से रन बनाए। भारत के लिए स्नेह राणा (66 रन पर दो विकेट) ने दो विकेट लिए। श्री चरणी (106 रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट चटकाए लेकिन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में 100 से अधिक रन लुटाने वाली सिर्फ तीसरी गेंदबाज बनीं। भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। उप कप्तान और फॉर्म में चल रही स्मृति मंधाना खाता भी नहीं खेल सकीं और दूसरे ओवर में आउट होने वाली पहली खिलाड़ी रहीं। जिसके बाद प्रतिका रावल (27) और जेमिमा रोड्रिग्स ( 42) ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। लेकिन आठवें ओवर में प्रतिका के आउट होने के बाद मुश्किलें बढ़ गईं। रोड्रिग्स नौ बाउंड्री लगाकर अच्छा खेल रही थी लेकिन वह आउट होने वाली अगली खिलाड़ी रहीं। हरलीन देओल (14) भी कोई खास योगदान नहीं दे पाईं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर से काफी उम्मीद थी लेकिन वह 33 गेंदों पर सिर्फ 25 रन ही बना सकीं और अलाना किंग ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। ऋचा घोष (18) और काशवी गौतम ने भी निराश किया। आखिर में दीप्ति शर्मा (29) और स्नेह राणा ने आठवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े लेकिन यह काफी नहीं था। दीप्ति को किंग ने 40वें ओवर में पगबाधा आउट किया। इस मैच के लिए टीम में शामिल की गई राणा ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव डाला। पहले उन्होंने दो विकेट लिए और फिर बल्ले से 74 गेंद में 44 रन बनाए। लेकिन भारतीय टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर सिमट गई। भारत को पहले दो वनडे में क्रमशः छह और पांच विकेट से हार मिली थी। हालांकि मेहमान टीम ने पिछली तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी। ऑस्ट्रेलिया अब तीनों प्रारूपों की इस सीरीज में अंक के आधार पर 8-4 से आगे है। तीनों प्रारूपों की सीरीज की ट्रॉफी अंक के आधार पर तय होगी जिसमें हर टी20 और 50 ओवर की जीत के लिए दो अंक और टेस्ट जीतने पर चार अंक होंगे।