नयी दिल्ली : हार्दिक पांड्या को दाहिनी पिंडली में फिर चोट लग गई है जिससे वह तीन सप्ताह के लिये प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे और न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के दौरे से बाहर हो गए हैं। पांड्या को 20 सितंबर को वापसी करनी थी और चयनकर्ताओं ने उन्हें आॅस्ट्रेलिया A के खिलाफ 6 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज में भारत A टीम में चुना था।
BCCI के एक सूत्र ने बताया ,‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हार्दिक के ताजा स्कैन में उनकी दाहिनी पिंडली में चोट का पता चला। उन्हें दो सप्ताह पूरी तरह से आराम की सलाह दी गई है। BCCI की मेडिकल पैनल के प्रमुख डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला ने जापान से लौटकर उनकी रिपोर्ट देखी और वह तय करेंगे कि रिहैबिलिटेशन कब से शुरू हो सकता है।’
न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर को T-20 सीरीज से शुरू होगा जिसके बाद वनडे सीरीज खेलनी है। तब तक हार्दिक की वापसी की संभावना नहीं है। समझा जाता है कि BCCI चाहता था कि हार्दिक टीम के साथ एशियाई खेलों में जाये और वीजा के लिये उनका पासपोर्ट भी लिया गया था।
लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ T-20 सीरीज से ठीक पहले फील्डिंग अभ्यास के दौरान उनके घुटने में दर्द उठा। उन्होंने ब्रेक लिया और फिटनेस सर्टिफिकेट हासिल करने ही वाले थे कि दर्द फिर उठ गया। स्कैन में चोट का पता चला। वह IPL के बाद से बेंगलुरू में है और अब BCCI के उत्कृष्टता केंद्र में अभ्यास कर रहे हैं।