क्रिकेट

गावस्कर ने सुथार के डेब्यू को उत्साहजनक बताया

पूर्व कप्तान ने युवा गेंदबाज के पहले अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन की तारीफ की, भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत बताए

मुल्लांपुर : दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि अफगानिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने के लिए खब्बू स्पिनर मानव सुथार की शानदार और सटीक गेंदबाजी ने उन्हें भविष्य में भारत की टेस्ट टीम में स्थायी जगह बनाने का मजबूत दावेदार बना दिया है। सुथार के हरफनमौला प्रदर्शन ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने बल्ले से 28 रन की उपयोगी पारी खेलने के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अफगानिस्तान की टीम दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 113 रन बनाकर मुश्किल स्थिति में थी। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। गावस्कर ने कहा, ‘सिर्फ उनकी गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी के दौरान भी वह आत्मविश्वास से भरपूर नजर आए।

उन्होंने अपने कदमों का बेहतरीन इस्तेमाल किया और क्रीज पर कभी दबाव में नहीं दिखे।’ उन्होंने कहा, ‘सुथार ने गेंद के साथ गजब की सटीकता दिखाई और लगातार बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्हें इस पिच से भी मदद मिली, लेकिन किसी भी स्पिनर की असली परीक्षा सपाट पिचों पर होती है, जहां अधिक विविधता और परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता की जरूरत पड़ती है।’ गावस्कर ने कहा, ‘इसके बावजूद यह बेहद उत्साहजनक पदार्पण रहा और उन्होंने दिखाया है कि उनमें आगे चलकर टेस्ट टीम का मजबूत दावेदार बनने के सभी गुण मौजूद हैं।’

इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान ने भी सुथार की गेंदबाजी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, ‘किसी भी नए स्पिनर के लिए घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्होंने शुरुआत से ही सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की तथा गेंद को बेहतरीन तरीके से स्पिन कराया।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे सबसे ज्यादा उनकी यह खूबी प्रभावित कर गई कि जैसे-जैसे उनका स्पेल आगे बढ़ा, उन्होंने हालात के मुताबिक खुद को ढाला। शुरुआत में वह ऑफ स्टंप के आसपास गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन जल्द ही उन्होंने पिच से मिल रहे टर्न को भांप लिया और अपनी लाइन को अधिक सीधा कर लिया, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।’ स्वान ने कहा, ‘पूरे स्पेल के दौरान गेंद पर उनका नियंत्रण शानदार रहा। विकेट लेने के अलावा उनकी समझदारी, संयम और निरंतरता ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।’  

SCROLL FOR NEXT