धोनी 
क्रिकेट

मैदान से हटे धोनी, पर क्रिकेट में अभी बाकी है ‘माही’

Om Prakash Mishra

अब खिलाड़ी नहीं, मेंटर

महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग से भी जुदा होकर क्रिकेट से विदा होना कोई नई बात नहीं है, हर खिलाड़ी को एक न एक दिन यह फैसला लेना ही होता है लेकिन जिस तरह उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी के रूप में अपनी पारी समाप्त की, उसमें धोनी के व्यक्तित्व की वही सादगी दिखाई दी जो कभी उनके खेल की पहचान थी। न कोई समारोह, न विदाई मैच की मांग, न भावुक घोषणा। एक सूचना आई और लगभग दो दशक से पीली जर्सी में मैदान पर दिखाई देने वाला हेलीकॉप्टर शॉट का बड़ा खिलाड़ी अब खिलाड़ी नहीं, मेंटर की भूमिका में होगा।

क्या उन्होंने देर कर दी ?

वैसे तो धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2020 में विदाई ले ली थी लेकिन आईपीएल में उनका बने रहना क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज भी एक ‘चार्म’ था, अब वह चार्म भी टूट गया मगर सवाल यह है कि क्या धोनी को इससे पहले ही मैदान छोड़ देना चाहिए था या उन्होंने विदाई में कुछ देर कर दी ?

केवल आंकड़ों से मूल्यांकन नहीं किया जा सकता

धोनी भारतीय क्रिकेट के उन खिलाड़ियों में हैं जिनका मूल्यांकन केवल आंकड़ों से नहीं किया जा सकता। रांची के साधारण परिवार से निकलकर भारतीय क्रिकेट की कप्तानी तक पहुंचना, अपने खेल से पहचान बनाना और फिर देश को तीन अलग-अलग प्रारूपों में बड़े खिताब दिलाना किसी सामान्य उपलब्धि की कहानी नहीं है। 2007 का टी-20 विश्व कप, 2011 का एकदिवसीय विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी-तीनों जीतने वाले कप्तान के रूप में धोनी ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपनी जगह स्थायी कर ली। उनके नेतृत्व में भारत टेस्ट क्रिकेट में भी शीर्ष स्थान तक पहुंचा।

खेल को पढ़ते थे

महाकूल धोनी की सबसे बड़ी ताकत केवल छक्के लगाने या विकेट के पीछे बिजली जैसी फुर्ती दिखाने में नहीं थी। धोनी खेल को पढ़ते थे, दबाव में निर्णय लेते थे और अपने खिलाड़ियों को संकट में भी भरोसा देते थे। वह कप्तानी को भाषण से नहीं, व्यवहार से चलाते थे। बड़े मैचों में उनकी शांति कई बार विरोधियों की बेचैनी बन जाती थी। वे 'कैप्टन कूल' थे पर मैदान पर उनके फैसले हमेशा ठंडे नहीं, बेहद साहसी होते थे।

चेन्नई सुपर किंग्स के साथ

चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनकी कहानी आईपीएल की कहानी के समानांतर चलती है। 2008 में शुरू हुआ यह रिश्ता धीरे-धीरे खिलाड़ी और टीम के बीच की सीमा से आगे बढ़कर भावनात्मक पहचान बन गया। धोनी ने चेन्नई को पांच आईपीएल खिताब दिलाए और दो चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफियां भी जिताईं। टीम पर प्रतिबंध लगा, वह दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ खेले, लेकिन चेन्नई लौटे तो फिर वही भरोसा, वही नेतृत्व और वही पीली जर्सी। 2018 में वापसी के बाद खिताब जीतना उनकी कहानी का सबसे प्रभावशाली अध्याय था।

धोनी के साथ भी यही हुआ

लेकिन हर महान खिलाड़ी के सामने एक समय ऐसा आता है जब उसकी प्रतिष्ठा मैदान पर उसके प्रदर्शन से बड़ी हो जाती है। धोनी के साथ भी यही हुआ। दर्शक उन्हें खेलते देखना चाहते थे, भले ही मैच में उनका योगदान सीमित रह जाए। 2025 में उन्होंने 14 मैच खेले, लेकिन 2026 का पूरा सत्र चोट के कारण नहीं खेल सके। उम्र, शरीर की सीमाएं और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की कठोरता अंततः किसी भी खिलाड़ी को उसकी इच्छाशक्ति से अलग अपनी वास्तविकता का सामना करने को मजबूर करती हैं।

यह फैसला मुख्यतः धोनी का अपना था

धोनी का इस बार का फैसला भी इसी वास्तविकता का स्वीकार लगता है। खबरों के मुताबिक, चेन्नई प्रबंधन उनके अनुभव का लाभ खिलाड़ी के रूप में आगे भी लेना चाहता था लेकिन धोनी ने स्वयं खिलाड़ी के रूप में बने रहने के बजाय मेंटर की भूमिका स्वीकार की। उन्होंने टीम से अपना नाम हटाने का आग्रह किया। इसलिए इसे केवल टीम द्वारा हटाया जाना या अचानक संन्यास कह देना सही नहीं होगा। यह फैसला मुख्यतः धोनी का अपना था।

मार्गदर्शक के रूप में धोनी

फिर भी सवाल उठ रहा है कि क्या चेन्नई वास्तव में उन्हें और खिलाना चाहती थी? क्रिकेट में सार्वजनिक बयान और ड्रेसिंग रूम की परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं होतीं। टीम अपने महान खिलाड़ी को सम्मान के साथ विदा करना चाहती है, उसके अनुभव को बनाए रखना चाहती है और साथ ही भविष्य की टीम भी तैयार करना चाहती है। धोनी की फिटनेस, उपलब्धता, बल्लेबाजी क्रम में उनकी भूमिका और टीम के संतुलन जैसे सवाल प्रबंधन के सामने भी रहे होंगे लेकिन किसी ठोस प्रमाण के बिना यह कहना कि धोनी को अंदरूनी दबाव में हटाया गया या टीम ने उन्हें खेलने से रोक दिया, अटकल से आगे नहीं जाता। संभव है कि दोनों पक्ष यह समझ चुके हों कि अब खिलाड़ी से ज्यादा मार्गदर्शक के रूप में धोनी उपयोगी होंगे।

उनके फैसलों में एक खास किस्म की स्पष्टता

आज क्रिकेट प्रेमी सोच रहे होंगे कि क्या धोनी को संन्यास लेने के लिए किसी विदाई समारोह, आखिरी मैच या भावुक मंच की जरूरत नहीं थी ? लेकिन यह भी सच है कि धोनी अपने जीवन और करियर के फैसले हमेशा अपनी शर्तों पर लेते रहे हैं। 2014 में टेस्ट क्रिकेट छोड़ना, 2017 में सीमित ओवरों की कप्तानी से हटना और 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई-उनके फैसलों में एक खास किस्म की स्पष्टता रही है। वह लोकप्रियता के मोह में पद या भूमिका से चिपके रहने वाले खिलाड़ी नहीं रहे । यदि उन्हें लग गया कि शरीर अब पहले जैसी मांग पूरी नहीं कर सकता, तो पीछे हटना भी साहस है।

एक कसक

हाँ, एक कसक जरूर रहेगी। धोनी को मैदान पर आखिरी बार खेलते देखना, उनके आखिरी छक्के, आखिरी स्टंपिंग और चेपॉक की भीड़ का आखिरी सामूहिक शोर’ “ धोनी धोनी धोनी….” यह सब क्रिकेट प्रेमियों को नहीं मिला। लेकिन क्या हर महान खिलाड़ी को आखिरी मैच की पटकथा लिखने का अवसर मिलता है? सचिन को मिला, कुछ को नहीं मिला। खेल किसी की भावनाओं के अनुसार विदाई का मंच तैयार नहीं करता।

धोनी का अनुभव

धोनी अब खिलाड़ी नहीं होंगे लेकिन चेन्नई की टीम से उनका रिश्ता समाप्त नहीं हुआ है। मेंटर के रूप में उनकी भूमिका शायद उस खिलाड़ी से अधिक महत्वपूर्ण साबित हो, जिसने अपने करियर के अंतिम वर्षों में सीमित योगदान दिया। नए खिलाड़ियों को दबाव झेलना, मैच की परिस्थिति पढ़ना, असफलता से उबरना और अपने खेल पर भरोसा करना सिखाने में धोनी का अनुभव किसी पाठ्यपुस्तक से बड़ा है।

विदाई को बदलाव की तरह देखना चाहिए

धोनी की विदाई को दु:ख की तरह नहीं, बदलाव की तरह देखना चाहिए। वह मैदान से हटे हैं, क्रिकेट से नहीं। महान खिलाड़ी का सबसे बड़ा प्रमाण यह नहीं कि वह कितने दिन खेलता रहा, बल्कि यह कि उसके जाने के बाद भी उसकी ज़रूरत महसूस होती रहे। धोनी ने भारतीय क्रिकेट को ट्रॉफियां दीं, आत्मविश्वास दिया और जीतने की एक नई भाषा सिखाई। अब उनकी अगली परीक्षा मैदान के बाहर है। क्या वह अपने अनुभव से एक नई पीढ़ी तैयार कर पाएंगे? यही उनकी दूसरी पारी का असली स्कोर होगा।(युवराज)डॉ. घनश्याम बादल

SCROLL FOR NEXT