क्रिकेट

दिल्ली-KKR को अब सभी मैच जीतने होंगे, तभी...

मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दस मैचों में आठ अंक लेकर सातवें स्थान पर काबिज दिल्ली को अब प्लेऑफ में जगह बनाने के लिये 16 अंक तक पहुंचने के लिये बाकी चारों मैच जीतने होंगे।

नयी दिल्ली : पेचीदा पिचों पर चकमा खाने वाली या अच्छी पिचों पर बड़ा स्कोर नहीं बचा पाने वाली दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शुक्रवार को IPL के ‘करो या मरो’ के मुकाबले में घरेलू मैदान पर भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दस मैचों में आठ अंक लेकर सातवें स्थान पर काबिज दिल्ली को अब प्लेऑफ में जगह बनाने के लिये 16 अंक तक पहुंचने के लिये बाकी चारों मैच जीतने होंगे। वहीं आठवें स्थान पर खड़ी KKR को भी बाकी पांचों मैच जीतने होंगे। ऐसे में यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि दिल्ली कैपिटल्स का यह मैच किस तरह की पिच पर खेला जायेगा। समझा जाता है कि वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी का सामना करने के लिये दिल्ली बल्लेबाजों की मददगार पिच नंबर छह पर खेल सकती है जिस पर उसने पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रन बनाये थे लेकिन जीत फिर भी नहीं मिली थी।

इस पिच को चुनने की वजह बल्लेबाजों पर भरोसे की कमी है जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ सीम लेती पिच पर छह विकेट नौ रन पर गंवा बैठे थे। धीमी विकेट पर दिल्ली के बल्लेबाज गुजरात टाइटंस के राशिद खान या चेन्नई सुपर किंग्स के नूर अहमद और अकील हुसैन को नहीं खेल पाये थे। सुनील (इकॉनॉमी रेट 6.80) और वरुण (इकॉनॉमी रेट 8.88) के सामने पाथुम निसांका, समीर रिजवी या करूण नायर को मुश्किलें पेश आ सकती है। दिल्ली के लिये कुलदीप यादव का खराब फॉर्म भी चिंता का सबब है जो दस मैचों में दस से ऊपर की इकॉनॉमी रेट से सात ही विकेट ले सके हैं। ऐसे में बल्लेबाजों की मददगार विकेट पर खेलने के अलावा कोई चारा नहीं रह जाता। इससे खराब फॉर्म से जूझ रहे मेजबान बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिलेगा।

बाद में मिचेल स्टार्क और लुंगी एंगिडि से गेंदबाजी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। दूसरी ओर KKR का शीर्षक्रम भी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका है। कप्तान अजिंक्य रहाणे (131.42 की स्ट्राइक रेट से 205 रन) और अंगकृष रघुवंशी (137.43 की स्ट्राइक रेट से 268 रन) अच्छी शुरूआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके। रिंकू सिंह (145.39 की स्ट्राइक रेट से 245 रन) पर ही बल्लेबाजी का दारोमदार रहा है। दिल्ली के लिये केएल राहुल ने IPL में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 180 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 445 रन बनाये हैं लेकिन दूसरी ओर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज 200 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। निसांका पर टीम प्रबंधन का लगातार भरोसा समझ से परे है जो नौ मैचों में 228 रन ही बना सके हैं। करुण नायर और नीतिश राणा फॉर्म में नहीं हैं। गेंदबाजी में मुकेश कुमार, टी नटराजन और अकीब नबी दर महंगे साबित हुए हैं। दिल्ली का कोई भी गेंदबाज दोहरे अंक में विकेट नहीं ले सका और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कप्तान अक्षर पटेल ने की है जिन्होंने 8.25 की इकॉनॉमी रेट से नौ विकेट चटकाये हैं।

दिल्ली कैपिटल्स : अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करुण नायर, टी नटराजन।

कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी। सार्थक रंजन, सौरभ दुबे।  

SCROLL FOR NEXT