मेलबर्न : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने बुधवार को सलामी बल्लेबाज जेक वेदरल्ड और तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट को पहली बार केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया लेकिन ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और सलामी बल्लेबाज सैम कॉन्स्टास को 2026-2027 के सत्र के लिए इस सूची से बाहर कर दिया गया। वेदरल्ड और डॉगेट ने एशेज के दौरान टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।
इन दोनों खिलाड़ियों को उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है जबकि तेज गेंदबाज माइकल नेसर ने सीरीज में उपयोगी योगदान के कारण सूची में अपनी जगह बरकरार रखी है। अगले साल की शुरुआत में भारत में होने वाले पांच टेस्ट मैचों की सीरीज को देखते हुए ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी को भी अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है। नाथन लियोन की चोट के कारण एशेज के दौरान मर्फी को टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।
चयनकर्ताओं ने अनुबंध सूची में 21 खिलाड़ियों के नाम शामिल किए हैं, जो उपलब्ध 24 स्थानों से तीन कम हैं। पिछले साल 23 खिलाड़ियों को इस सूची में जगह मिली थी। युवा सलामी बल्लेबाज सैम कॉन्स्टास और मैक्सवेल के अलावा बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ, तेज गेंदबाज झाई रिचर्डसन, लांस मॉरिस और मैथ्यू शॉर्ट को भी अनुबंध नहीं मिला है। ऑस्ट्रेलिया की पुरुष चयनसमिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा, ‘अनुबंध सूची टीम के आगामी कार्यक्रम को देखते हुए तैयार की गई है। अगले 12 महीनों में हमारा काफी व्यस्त कार्यक्रम है जिसमें हमें दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड जैसी टीमों के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने हैं।’