लाहौर : पाकिस्तान के सीमित ओवरों के मध्यक्रम के बल्लेबाज आसिफ अली ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। फैसलाबाद के इस 33 साल के खिलाड़ी ने 2021 और 2022 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय विश्व कप और 2019 में इंग्लैंड में पुरुष वनडे विश्व कप में भी अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने पाकिस्तान की जर्सी पहनने को अपने पेशेवर करियर का ‘सबसे गौरवपूर्ण अध्याय’ करार दिया। आसिफ ने हालांकि कहा कि वह घरेलू और दुनिया भर में फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
पाकिस्तान के लिए 21 वनडे और 58 टी-20 मैच खेला : दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पाकिस्तान के लिए 21 वनडे और 58 टी-20 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने तीन अर्धशतकों की मदद से 959 रन बनाए। अली 2018 में वनडे एशिया कप और 2022 में टी-20 एशिया कप की टीम में शामिल थे। उन्होंने 2023 में हांगझोऊ में हुए एशियाई खेलों (टी-20 प्रारूप) में भी भाग लिया। उनकी सबसे यादगार पारी 2021 के टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ आई थी, जब पाकिस्तान को सुपर 12 चरण के मैच में दो ओवर में जीत के लिए 24 रनों की जरूरत थी। उन्होंने सिर्फ सात गेंदों पर 25 रन बनाए और इस दौरान 19वें ओवर में तेज गेंदबाज करीम जनत के खिलाफ चार छक्के जड़कर पाकिस्तान को उलटफेर का शिकार होने से बचाया।