क्रिकेट

BCCI AGM के एजेंडे में अंडमान-निकोबार को सदस्यता

BCCI की 95वीं AGM में अंडमान-निकोबार को एसोसिएट सदस्यता, ICC प्रतिनिधि की नियुक्ति और आईपीएल संचालन परिषद में नए चेहरों पर अहम फैसले की तैयारी

Deepak Ram

मुंबई : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की शुक्रवार को यहां होने वाली 95वीं आम सालाना बैठक (AGM) में अंडमान एवं निकोबार द्वीप क्रिकेट संघ को एसोसिएट सदस्यता प्रदान करना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में BCCI के प्रतिनिधि की नियुक्ति प्रमुख मुद्दों में शामिल होंगे। मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में होने वाली यह AGM सामान्य प्रक्रिया के तहत होने की उम्मीद है। बैठक में आईपीएल संचालन परिषद में आम सभा के दो प्रतिनिधियों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा कुछ ऐसे चुनाव भी होंगे जिनके परिणाम लगभग तय माने जा रहे हैं। आईपीएल संचालन परिषद के मौजूदा अध्यक्ष अरुण धूमल को इस पद पर दोबारा चुना जाएगा जबकि खैरुल मजूमदार को सदस्य के तौर पर चुना जाएगा।

BCCI के निर्वाचन अधिकारी ए के ज्योति ने पिछले सप्ताह चुनाव के लिए उनके नामांकन को मंजूरी दे दी थी। धूमल और मजूमदार दोनों का निर्विरोध चुना जाना तय है। BCCI द्वारा अपने सचिव देवजीत सैकिया को ICC में अपना प्रतिनिधि बनाए रखने की भी संभावना है। इसके अलावा AGM में भारतीय क्रिकेट संघ (आईसीए) के एक प्रतिनिधि को आईपीएल संचालन परिषद में शामिल करने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। एजीएम में 2025-26 के BCCI के ऑडिट किए गए खातों को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को अपनाने और ऑडिटर की नियुक्ति पर चर्चा होगी।

बैठक में लोकपाल और नैतिक अधिकारी की नियुक्ति का मुद्दा भी उठाया जाएगा। बैठक की शुरुआत पिछले साल 28 सितंबर 2025 को हुई एजीएम की कार्रवाई के विवरण की पुष्टि से होगी। इसके बाद 2025-26 के लिए सचिव की रिपोर्ट को अपनाने पर विचार किया जाएगा। एजीएम में स्थायी समितियों, क्रिकेट समितियों और अंपायर समिति की नियुक्ति पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी नीति के तहत गठित बीसीसीआई की आंतरिक समिति की रिपोर्ट भी बैठक में रखी जाएगी।

यह देखना भी होगा कि एजीएम जूनियर चयन समिति की नियुक्ति के मुद्दे पर विचार करती है या नहीं। बीसीसीआई ने इस समिति में पांच पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे जिसकी आवेदन की अंतिम तारीख पांच सितंबर थी। फिलहाल बोर्ड के सामने सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य से जुड़ा है। उनका अनुबंध अगले महीने की शुरुआत में समाप्त होने वाला है।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस महीने के अंत से शुरू होने वाली बहु प्रारूप की घरेलू सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा बुधवार को कर दी गई। इसके बाद सीनियर पुरुष चयन समिति का अगला बड़ा काम अक्टूबर-नवंबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत और भारत ‘ए’ की टीम का चयन करना होगा। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच T-20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगा। वहीं भारत ‘ए’ अक्टूबर के अंत से न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ तीन अनौपचारिक टेस्ट खेलेगा। यह दौरा दो टेस्ट मैच की महत्वपूर्ण सीरीज से पहले एक तरह का ‘शैडो टूर’ होगा।

SCROLL FOR NEXT