फाइल फोटो 
क्रिकेट

क्रिकेट के बाद अब टीम के मालिक बने जहीर खान

कनाडा सुपर 60 की वैंकूवर एंकर्स फ्रेंचाइजी के स्वामित्व समूह में शामिल होकर जहीर खान ने क्रिकेट करियर के बाद नई पारी शुरू की, युवराज सिंह के साथ फिर से साझेदारी करते हुए पुरुष और महिला क्रिकेट को नए अवसर देने का संकल्प जताया

वैंकूवर : भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान कनाडा सुपर 60 की पुरुष और महिला फ्रेंचाइजी वैंकूवर एंकर्स के स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं। भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह कनाडा सुपर 60 के सह मालिक हैं। जहीर, नागेंद्र ‘नागा’ सिद्दौतम और स्टॉकहोम स्थित एंकर स्पोर्ट्स एबी के साथ स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं। इस तरह से जहीर और युवराज फिर से एक दूसरे से जुड़ गए हैं।

यह दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम में लंबे समय तक एक साथ खेले जिसमें भारत की 2011 में वनडे विश्व कप में जीत भी शामिल है। एंकर्स वैंकूवर के बीसी प्लेस में अपने घरेलू मैच खेलेगी। जहीर ने विज्ञप्ति में कहा, ‘कनाडा सुपर 60 एक प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है जिसका आयोजन एक ऐसे शहर में किया जाता है जिसकी अपनी अलग पहचान है।

यह जानते हुए कि मेरे दोस्त और लंबे समय तक टीम के साथी रहे युवराज लीग के स्वामित्व का हिस्सा हैं, मुझे इस टूर्नामेंट पर पूरा भरोसा है।’ उन्होंने कहा, ‘पूर्व खिलाड़ी होने के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि हम ऐसी विश्वसनीय लीग का समर्थन करें जो आईसीसी के एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों और महिला क्रिकेटरों के लिए वास्तविक अवसर पैदा करे।

मैं वैंकूवर में आने और अपने दोस्त युवी (युवराज) के साथ इस नए टूर्नामेंट से जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।’ कनाडा सुपर 60 के सह-मालिक युवराज ने कहा, ‘जहीर और मैंने अपने करियर के कुछ सबसे अच्छे पल साथ में बिताए हैं और इस नए टूर्नामेंट के लिए फिर से जुड़ना खास है।’ कनाडा सुपर 60 का दूसरा सत्र 29 सितंबर से चार अक्टूबर तक वैंकूवर के बीसी प्लेस में खेला जाएगा। इसमें छह फ्रेंचाइजी भाग लेंगी।

SCROLL FOR NEXT