फाइल फोटो 
क्रिकेट

सौरभ गांगुली को जन्मदिन पर सुनहरा तोहफा

जन्मदिन पर मिला सुनहरा तोहफा, पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली भारतीय क्रिकेट के 12वें दिग्गज के रूप में ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल

नयी दिल्ली : पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को बुधवार को उनके 54वें जन्मदिन पर एक शानदार तोहफा मिला जब एडिनबर्ग में हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की सालाना बैठक में लिए गए फैसले के बाद वह ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले नवीनतम भारतीय क्रिकेटर बन गए। गांगुली के शामिल होने के साथ ही ICC हॉल ऑफ फेम में भारतीय क्रिकेटरों की संख्या 12 हो गई। इस सम्मान के लिए ICC का आभार जताते हुए गांगुली ने अंतरराष्ट्रीय संस्था के चेयरमैन जय शाह को धन्यवाद दिया और इस पहचान को ‘बहुत बड़ा सम्मान’ बताया। बाएं हाथ के बल्लेबाज गांगुली ने दुनिया भर से मिली शुभकामनाओं के बीच अपना जन्मदिन मनाया।

गांगुली ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मुझे हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए ICC और चेयरमैन जय शाह का धन्यवाद... यह बहुत बड़ा सम्मान है... हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 10 भारतीयों में से एक बनना... कुछ महान नामों का हिस्सा बनना अद्भुत है।’ गांगुली ने नवंबर 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट खेलने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल अन्य भारतीय बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, डायना इडुलजी, वीरेंद्र सहवाग, नीतू डेविड और महेंद्र सिंह धोनी हैं।

भारतीय क्रिकेट में गांगुली का सबसे बड़ा योगदान 2000 से 2005 के बीच कप्तान के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान रहा जब उन्होंने मैच फिक्सिंग संकट के बाद टीम को फिर से खड़ा किया। गांगुली ने 113 टेस्ट मैच खेले और 7,212 रन बनाए। साथ ही उन्होंने 311 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 11,363 रन बनाए। खेल से संन्यास लेने के बाद गांगुली क्रिकेट प्रशासन में आ गए और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष बने। उन्होंने 23 अक्टूबर 2019 को पद संभाला और 18 अक्टूबर 2022 तक भारतीय क्रिकेट की कमान संभाली। वह अभी बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं।

SCROLL FOR NEXT