इलेक्ट्रिक वाहनों की तकनीक को बेहतर बनाने की दिशा में हिंदुस्तान जिंक और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। दोनों संस्थानों ने जिंक-एयर बैटरी से लैस इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर का प्रोटोटाइप विकसित किया है। इस तकनीक का उद्देश्य वाहन में लगी लिथियम-आयन बैटरी को अतिरिक्त ऊर्जा उपलब्ध कराना और संभावित रूप से उसकी ड्राइविंग रेंज बढ़ाना है।
हिंदुस्तान जिंक ने गुरुवार को बताया कि हाल ही में पेश किए गए इस प्रोटोटाइप में करीब 1 किलोवाट-घंटे (kWh) क्षमता वाली जिंक-एयर बैटरी लगाई गई है। यह वाहन की कुल ऊर्जा जरूरत का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा पूरा करती है। लिथियम-आयन बैटरी वाहन को गति देने और अधिक ऊर्जा की जरूरत वाले कामों के लिए बिजली उपलब्ध कराती है, जबकि जिंक-एयर बैटरी वाहन के संचालन के दौरान लगातार ऊर्जा की आपूर्ति करती है।
यह परियोजना हिंदुस्तान जिंक और IIT मद्रास के बीच वर्ष 2024 में शुरू हुए शोध सहयोग का हिस्सा है। कंपनी के अनुसार, इस तकनीक पर काम अब प्रयोगशाला में शोध से आगे बढ़कर वाहन के प्रोटोटाइप में परीक्षण के चरण तक पहुंच गया है। इस परियोजना का नेतृत्व IIT मद्रास के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के अरविंद कुमार चंदिरन ने किया।
जिंक-एयर बैटरी जिंक और आसपास की हवा में मौजूद ऑक्सीजन की मदद से बिजली पैदा करती है। इस तकनीक में पानी आधारित और गैर-ज्वलनशील इलेक्ट्रोलाइट का इस्तेमाल होता है। कंपनी का कहना है कि इससे कुछ मौजूदा बैटरी तकनीकों की तुलना में सुरक्षा और लागत के लिहाज से फायदे मिल सकते हैं।
हिंदुस्तान जिंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि कंपनी जिंक के पारंपरिक औद्योगिक उपयोगों से आगे इसके नए इस्तेमाल तलाश रही है। उन्होंने कहा कि भारत में जिंक प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है, जिससे देश में ही ऊर्जा भंडारण के विकल्प विकसित करने का अवसर मिलता है। इससे ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को भी मजबूती मिल सकती है।
वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक के मुताबिक, यह शोध इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा के भंडारण में भी जिंक के नए उपयोगों का रास्ता खोल सकता है। यदि तकनीक व्यावसायिक रूप से सफल होती है, तो इससे भारत में ऊर्जा भंडारण के घरेलू विकल्प विकसित करने और आयातित बैटरी सामग्री पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है।