बिजनेस

वैश्विक कीमतों में सुधार से सोना ₹200 प्रति 10 ग्राम महंगा

रुपये में गिरावट से सोने की कीमतों में उछाल, 200 रुपये बढ़कर 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंचा

Muskan Lall

कमजोर रुपये और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मामूली सुधार के चलते सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव शुक्रवार को 1,46,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, लगातार तीन सत्रों में गिरावट के बाद चांदी की कीमत बिना किसी बदलाव के 2,02,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रही।

कारोबारियों के अनुसार, रुपया लगातार तीसरे सत्र में कमजोर हुआ। सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 29 पैसे गिरकर 95.22 पर बंद हुआ। इससे डॉलर में होने वाला सोने का आयात महंगा हो गया और घरेलू बाजार में कीमतों को समर्थन मिला।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, “घरेलू बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मामूली सुधार के साथ कच्चे तेल की कमजोर कीमतों, अमेरिकी डॉलर में स्थिरता और बेंचमार्क अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में गिरावट ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया।”

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 17.49 डॉलर यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 4,013.12 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, चांदी 53.91 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही।

मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटीज प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि खाड़ी देश अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत दोबारा शुरू कराने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, वाशिंगटन तेहरान के खिलाफ नए सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहा है। इस घटनाक्रम के बीच हाजिर सोने की कीमतों में मामूली तेजी दर्ज की गई।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं रिसर्च विश्लेषक (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के अनुसार, इस सप्ताह बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले पर बनी हुई है। निवेशक महंगाई संबंधी चिंताओं और अमेरिकी चुनाव से जुड़ी अनिश्चितता के बीच ब्याज दरों के रुख तथा केविन वॉर्श के भविष्य के नीतिगत संकेतों का आकलन कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT