मुंबई :
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर इसे 5.5 प्रतिशत किए जाने के बाद रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 43 पैसे टूटकर 96.78 के स्तर पर रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.37 प्रति डॉलर पर खुला। यह 96.34 से 96.84 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में 96.78 प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 43 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 96.35 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि आरबीआई के सख्त रुख वाले बयान के बाद महंगाई को लेकर नई चिंता से बाजार धारणा प्रभावित हुई। रुपया टूटा और उसका बंद भाव अब तक का दूसरा सबसे कमजोर स्तर रहा। साथ ही, यह ज्यादातर एशियाई मुद्राओं की तुलना में कमजोर रहा। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी तथा जोखिम से बचने की धारणा की एक नई लहर ने रुपये पर और दबाव डाला। निकट अवधि में डॉलर के मुकाबले रुपये के 96.97 से 96.30 के बीच रहने का अनुमान है।