कुआलालंपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मलेशिया के 4 प्रमुख उद्योगपतियों से बातचीत की और भारत की विकास यात्रा में मलेशियाई कंपनियों द्वारा दिखाई जा रही मजबूत रुचि की सराहना की। प्रधानमंत्री ने भारत और मलेशिया के बीच बढ़ते व्यावसायिक संबंधों और मलेशियाई कंपनियों द्वारा भारत की वृद्धि की यात्रा में दिखाई जा रही मजबूत रुचि की सराहना की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जयसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेट्रोनास के अध्यक्ष और समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी टैन तेंगकू मोहम्मद तौफिक से मुलाकात की और ऊर्जा साझेदारियों को मजबूत करने तथा नवीकरणीय ऊर्जा और स्वच्छ ईंधन में नए अवसरों पर चर्चा की, जिसमें ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विंसेंट टैन ची यिउन ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह बर्जया का भारत के गतिशील सेवा और उपभोक्ता क्षेत्रों में विस्तार बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
वहीं पुआ खिन सेंग ने फाइसन की भारत में तेजी से बढ़ते तकनीक और नवाचार क्षेत्र में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अमीरुल फैसल वान जाहिर ने प्रधानमंत्री से अपनी बैठक में भारत के आर्थिक परिवर्तन और निवेश के लिए उच्च संभावनाओं वाले बाजार के रूप में उसकी भूमिका पर चर्चा की।
मोदी ने हाल के वर्षों में भारत में व्यवसाय करने में आसानी को बढ़ावा देने और एक स्थिर, कुशल और पूर्वानुमानित व्यापार तथा नीति वातावरण बनाने के लिए उठाए गए कदमों और सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मलेशिया की कंपनियों से बुनियादी ढांचा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम मेधा (AI) और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
उद्योग जगत के दिग्गजों ने भारत सरकार द्वारा किए गए सुधारों की सराहना की और भारत की वृद्धि की यात्रा के प्रति दृढ़ विश्वास व्यक्त किया। बयान में कहा गया। उन्होंने (उद्योगपतियों ने) भारत में अपने व्यवसाय को बढ़ाने में गहरी रुचि व्यक्त की है और अपने निवेश पोर्टफोलियो का विस्तार करने तथा भारतीय साझेदारों के साथ संयुक्त उद्यम के अवसरों की तलाश करने की इच्छा जताई है।