बिजनेस

टेक सेक्टर में निवेश 7% बढ़कर 10.3 अरब डॉलर, लेकिन सौदों की संख्या में 38% गिरावट

Goutam Ojha

नई दिल्ली :

भारतीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश का मूल्य इस साल जनवरी-सितंबर के दौरान सात प्रतिशत बढ़कर 10.3 अरब डॉलर पहुंच गया। हालांकि, निवेश सौदों की संख्या में 38 प्रतिशत की तेज गिरावट आई है। ट्रैक्सन की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों का रुझान अब कम लेकिन बड़े आकार के सौदों की ओर बढ़ रहा है।2025 की समान अवधि में भारतीय टेक सेक्टर को 9.7 अरब डॉलर और 2024 में 10 अरब डॉलर का निवेश मिला था। इस साल जनवरी-सितंबर में कुल सौदों की संख्या घटकर 1,134 रह गई, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 1,838 था। रिपोर्ट में 1 जनवरी से 21 सितंबर तक के इक्विटी वित्तपोषण आंकड़ों को शामिल किया गया है।10.3 अरब डॉलर के निवेश के साथ भारत वैश्विक स्तर पर पांचवां सबसे अधिक वित्तपोषण पाने वाला टेक बाजार रहा। अमेरिका 444 अरब डॉलर के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद चीन 32.5 अरब डॉलर, ब्रिटेन 21.9 अरब डॉलर और सिंगापुर 12.5 अरब डॉलर पर रहे।शुरुआती चरण के वित्तपोषण में 27 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 4.2 अरब डॉलर रहा, जबकि बाद के चरण का निवेश चार प्रतिशत बढ़कर 5.4 अरब डॉलर हो गया। इसके विपरीत शुरुआती से पहले के चरण का वित्तपोषण 37 प्रतिशत घटकर 69.8 करोड़ डॉलर रह गया। पहली बार फंडिंग पाने वाली कंपनियों की संख्या भी 30 प्रतिशत घटकर 338 हो गई।10 करोड़ डॉलर से अधिक के 18 बड़े सौदे हुए, जिनमें एनएक्स्ट्रा का एक अरब डॉलर और नेयसा का 60 करोड़ डॉलर का फंडिंग दौर शामिल है। उद्यम बुनियादी ढांचे में निवेश करीब पांच गुना बढ़कर 1.6 अरब डॉलर और एंटरप्राइज एप्लीकेशन में 49 प्रतिशत बढ़कर 3.5 अरब डॉलर रहा। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को 1.2 अरब डॉलर मिले।इस दौरान छह नई कंपनियां यूनिकॉर्न बनीं, जबकि पिछले साल ऐसी चार कंपनियां बनी थीं।
SCROLL FOR NEXT