कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट और विदेशी निवेशकों की पूंजी के प्रवाह के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी जारी रही।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 614.66 अंक उछलकर 76,301.63 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 149.80 अंक बढ़कर 23,588.55 पर रहा।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इन्फोसिस प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं। वहीं, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी और पावर ग्रिड के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड मामूली बढ़त के साथ 104.8 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,114.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सोमवार को लगातार तीसरे दिन तेजी के साथ सेंसेक्स 1,233.25 अंक यानी 1.66 प्रतिशत उछलकर दिन के उच्चतम स्तर 75,692.78 पर बंद हुआ था। निफ्टी 387.70 अंक यानी 1.68 प्रतिशत बढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 23,440.80 पर बंद हुआ।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, “मौजूदा परिस्थितियां बाजार में जारी तेजी को आगे बढ़ाने के लिए अनुकूल हैं। ब्रेंट क्रूड का 104 डॉलर तक गिरना, एआई ट्रेड में और कमजोरी, दूसरी तिमाही के अच्छे नतीजों का लगातार आना और एफआईआई का खरीदार बनना मौजूदा तेजी को गति दे सकता है।”
उन्होंने कहा कि किसी बड़ी कंपनी के शेयर में एक दिन में 11.6 प्रतिशत की तेजी बहुत दुर्लभ है, लेकिन सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज में ऐसा हुआ।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक गिरावट में रहे, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था।
एचएसटी वेल्थ के संस्थापक और सीईओ हरिसेलवन राधाकृष्णन ने कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला है और व्यापक आर्थिक मोर्चे पर कुछ राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच कतर की मध्यस्थता में बातचीत से संघर्ष समाप्त होने और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ऊर्जा आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद बढ़ी है। इसके चलते ब्रेंट क्रूड करीब 105 डॉलर प्रति बैरल तक नीचे आया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव अगला प्रमुख वैश्विक घटनाक्रम है। निवेशक इसके राजकोषीय नीति, व्यापार और ईरान संघर्ष पर संभावित असर पर नजर रख रहे हैं।
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए। नैस्डैक कंपोजिट और एसएंडपी 500 गिरावट में रहे, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज बढ़त के साथ बंद हुआ।