वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से कदम हटाया, चेयरमैन एमेरिटस बने 
बिजनेस

वॉरेन बफे ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, चेयरमैन एमेरिटस बने

दशकों तक बर्कशायर हैथवे का नेतृत्व करने वाले दिग्गज निवेशक अब बोर्ड में रहकर मार्गदर्शन देंगे, उत्तराधिकार योजना के तहत बेटे हावर्ड बफे नए चेयरमैन बने

Goutam Ojha

नई दिल्ली : दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने उन्हें उनके असाधारण योगदान के सम्मान में चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया है। हालांकि, बफे कंपनी के निदेशक मंडल के सदस्य बने रहेंगे।

बर्कशायर हैथवे ने एक बयान में कहा कि यह बदलाव कंपनी की लंबे समय से चली आ रही उत्तराधिकार योजना के अनुरूप किया गया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 1993 से बोर्ड में शामिल हावर्ड बफे को नया चेयरमैन चुना है। वहीं, सुसान डेकर लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के पद पर बनी रहेंगी।

शेयरधारकों को लिखे पत्र में वॉरेन बफे ने कहा कि अब नेतृत्व परिवर्तन पूरा करने का सही समय है। उन्होंने लिखा कि वह चेयरमैन एमेरिटस बनने के साथ निदेशक बने रहेंगे और उनके बेटे हावर्ड बफे चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बर्कशायर हैथवे के सीईओ ग्रेग एबेल ने बफे के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी और उसके शेयरधारकों पर उनका प्रभाव अमेरिकी कारोबारी इतिहास में बेजोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बफे द्वारा विकसित कंपनी की संस्कृति और उनके स्थापित मूल्य बर्कशायर के केंद्र में बने रहेंगे और हावर्ड इनका संरक्षण करेंगे।

वॉरेन बफे ने दशकों तक बर्कशायर हैथवे का नेतृत्व किया और कंपनी को दुनिया की प्रमुख निवेश कंपनियों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

SCROLL FOR NEXT