बिजनेस

चार यूरोपीय देशों के समूह के साथ व्यापार समझौता सितंबर तक हो जाएगा लागू

Dhriendra Pandey

बर्न : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और चार देशों के यूरोपीय समूह ईएफटीए के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) इस साल सितंबर से लागू होने की संभावना है। दोनों पक्षों ने 10 मार्च, 2024 को व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत भारत को इस समूह से 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर की निवेश प्रतिबद्धता मिली है जबकि स्विस घड़ियों, चॉकलेट और कटे एवं पॉलिश किए गए हीरे जैसे कई उत्पादों को कम या शून्य शुल्क पर अनुमति होगी।

क्या है स्थिति : यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के सदस्य देशों में आइसलैंड, लिश्टेंसटाइन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस समझौते को सभी चार देशों की संसदों से मंजूरी मिल गई है। हालांकि स्विट्जरलैंड में इस पर 10 जुलाई तक आपत्ति की जा सकती है। जुलाई और अगस्त के महीनों में यहां छुट्टियां रहती हैं। गोयल भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए आधिकारिक यात्रा पर आए हैं। उन्होंने स्विट्जरलैंड की एक दर्जन से अधिक कंपनियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं जिनमें से अधिकांश भारत में निवेश की इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि स्विस कंपनियों ने दवा, साइबर सुरक्षा और मशीनरी विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में रुचि दिखाई है। भारत को लेकर यहां बहुत उत्साह है।

SCROLL FOR NEXT