18वें साल भी टाटा भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड, पहली बार टॉप-10 में पहुंचा अडानी ग्रुप 
बिजनेस

18वें साल भी टाटा भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड, पहली बार टॉप-10 में पहुंचा अडानी ग्रुप

रिपोर्ट में सुजलॉन एनर्जी को सबसे तेजी से बढ़ने वाला भारतीय ब्रांड बताया गया, वहीं टाटा की बादशाहत कायम रहने और अडानी के टॉप-10 में प्रवेश से कॉरपोरेट ब्रांडिंग की नई तस्वीर उभरती दिखी

नई दिल्ली : टाटा समूह लगातार 18वें वर्ष भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड बना हुआ है। वहीं, अडानी समूह पहली बार देश के शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान ब्रांडों में शामिल हुआ है। दूसरी ओर, सुजलॉन एनर्जी सबसे तेजी से बढ़ने वाला भारतीय ब्रांड बनकर उभरा है। यह जानकारी ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100-2026 रिपोर्ट में दी गई है।

100 ब्रांडों का संयुक्त ब्रांड वैल्यू एक साल में हुआ 252.8 अरब डॉलर

रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 100 सबसे मूल्यवान ब्रांडों का संयुक्त ब्रांड मूल्य एक साल में 7% बढ़कर 252.8 अरब डॉलर पहुंच गया। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारतीय कंपनियों ने मजबूत प्रदर्शन किया है।

टाटा समूह ने इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में निवेश के दम पर अपनी बढ़त और मजबूत की है। वहीं, अडानी समूह ने विभिन्न कारोबारों में विस्तार के बल पर पहली बार शीर्ष 10 में जगह बनाई।

तेजी से बढ़ने वाला भारतीय ब्रांड बना रहा सुजलॉन एनर्जी

रिपोर्ट के मुताबिक, सुजलॉन एनर्जी सबसे तेजी से बढ़ने वाला भारतीय ब्रांड रहा। कंपनी का ब्रांड मूल्य एक साल में 114% बढ़कर 41.8 करोड़ डॉलर (418 मिलियन डॉलर) हो गया। इसके पीछे मजबूत ऑर्डर बुक, परिचालन में सुधार और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती मांग को प्रमुख कारण माना गया है।

ब्रांड फाइनेंस का कहना है कि भारतीय कंपनियां वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद नवाचार, डिजिटल निवेश और हरित ऊर्जा पर फोकस के जरिए अपनी ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ा रही हैं।

SCROLL FOR NEXT