रुपया 95.94 प्रति डॉलर पर स्थिर 
बिजनेस

रुपया 95.94 प्रति डॉलर पर स्थिर

Goutam Ojha

मुंबई : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया अपरिवर्तित रुख के साथ 95.94 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर सूचकांक में आई गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के सकारात्मक असर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी ने बेअसर कर दिया। बाजार प्रतिभागियों ने कहा कि अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल के कई दशक के उच्चतम स्तर से नीचे आने से रुपये को सहारा मिला, लेकिन घरेलू बाजारों में कमजोरी के कारण इसमें बड़ी बढ़त नहीं हो पाई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.87 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान यह कमजोर होकर 95.98 के निचले स्तर तक आया। कारोबार के अंत में रुपया 95.94 प्रति डॉलर पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। रुपया मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ 95.94 पर बंद हुआ था, जो 96 प्रति डॉलर के स्तर के करीब था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर अनिश्चितता और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा के कारण रुपये पर नकारात्मक दबाव रह सकता है।’ उन्होंने कहा कि मध्यस्थों के जरिये अमेरिका और ईरान के अधिकारियों के बीच बातचीत की उम्मीद रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दे सकती है। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत गिरकर 101.23 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.58 प्रतिशत बढ़कर 103.18 डॉलर प्रति बैरल हो गया। कारोबारियों के अनुसार, रुपया सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से सरकारी बैंकों द्वारा हाजिर और वायदा बाजारों में डॉलर की बिक्री किए जाने से रुपये का हाजिर भाव 96 के स्तर से नीचे बना हुआ है। इसके अलावा, इस महीने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की करीब 2.2 अरब डॉलर की निकासी और अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में मजबूती से भी रुपये पर दबाव बना हुआ है। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 48.78 अंक गिरकर 72,480.29 अंक और निफ्टी 95.75 अंक की गिरावट के साथ 22,620.45 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 10,148.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

SCROLL FOR NEXT