रुपये  
बिजनेस

टॉप 10 कंपनियों में छह का मार्केट कैप 88,678 करोड़ रुपये बढ़ा

रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और एलएंडटी के मूल्यांकन में इजाफा, जबकि भारती एयरटेल, टीसीएस, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज

नयी दिल्ली : बीते सप्ताह शेयर बाजार में सीमित बढ़त के बीच देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से 88,678.10 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के बाजार पूंजीकरण में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई।

क्या रही स्थिति : आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 29,588.75 करोड़ रुपये बढ़कर 9,95,610.74 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 24,718.30 करोड़ रुपये बढ़कर 12,25,981.44 करोड़ रुपये हो गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 12,043.96 करोड़ रुपये बढ़कर 17,83,926.92 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का 11,580.28 करोड़ रुपये बढ़कर 6,10,081.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसबीआई का बाजार मूल्यांकन 9,322.93 करोड़ रुपये बढ़कर 9,64,738 करोड़ रुपये और लार्सन एंड टुब्रो का 1,423.88 करोड़ रुपये बढ़कर 5,80,550.83 करोड़ रुपये रहा। 

कंपनियां जिनका घटा : भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 35,615.21 करोड़ रुपये घटकर 11,27,348.09 करोड़ रुपये रह गया। एलआईसी की बाजार हैसियत 21,188.74 करोड़ रुपये घटकर 5,35,537.56 करोड़ रुपये पर आ गई। टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 11,143.71 करोड़ रुपये घटकर 7,58,206.42 रुपये रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 5,321.83 करोड़ रुपये घटकर 5,10,624.92 करोड़ रुपये पर आ गया। 

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची : शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

SCROLL FOR NEXT