सोना-चांदी 
बिजनेस

सोने में 10 दिनों से जारी गिरावट थमी, चांदी में भी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी संभले

Rajesh Nain

कोलकाता / नयी दिल्ली :

शादियों के मौसम में मांग बढ़ने की उम्मीद और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच सोमवार को स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना 1,500 रुपये उछलकर 1,26,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके साथ ही सोने की कीमतों में लगातार 10 कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 1,500 रुपये बढ़कर 1,26,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। शनिवार को इसका बंद भाव 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये बढ़कर 1.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 1.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी संभले

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 84.27 डॉलर यानी 2.38 प्रतिशत बढ़कर 3,622.38 डॉलर प्रति औंस हो गया। इसी तरह, चांदी भी 3.3 प्रतिशत बढ़कर 42.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

कोलकाता में दाम

प्योर गोल्ड बार - 125750 रुपयेप्योर गोल्ड बार पोर्शन - 126750 रुपयेगहनों वाला हॉलमार्क सोना - 120100 रुपयेचांदी - 153100 रुपये
(सोने के दाम 10 ग्राम, चांदी के दाम 1 किलो के)

विशेषज्ञ बोले

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी और शादी-विवाह के मौजूदा समय में आभूषणों की मांग बढ़ने की उम्मीद से सोने की कीमतों में तेजी आई। उन्होंने कहा कि हाल की गिरावट से सोने की कीमतें उपभोक्ताओं के लिए अधिक आकर्षक स्तर पर आ गई हैं। शादी का मौसम आगे बढ़ने के साथ मौसमी मांग और बढ़ने की उम्मीद है। पिछले सप्ताह भारत और चीन में भी सोने की भौतिक मांग में सुधार देखा गया, जो कीमतों में गिरावट के बाद उपभोक्ताओं की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है। निवेश मंच मुद्रेक्स के प्रमुख क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा कि घरेलू बाजार में कीमतें कम होने से सस्ते भाव पर खरीदारी करने वाले निवेशकों और उपभोक्ताओं ने एक बार फिर भौतिक सोने की खरीदारी का रुख किया है। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये में मामूली कमजोरी से भी कीमतों को समर्थन मिला। सिद्धांत ने कहा कि मौद्रिक नीति रुख पर अत्यधिक सख्ती को लेकर अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की चेतावनी के बाद कारोबारियों ने दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीद कम कर दी। इससे सोने की कीमतों में तेजी आई। इससे पहले सोने में एक सप्ताह में नौ प्रतिशत की गिरावट आई थी और यह 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया था। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार की नजर अमेरिका के महंगाई और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों पर रहेगी। इनसे महंगाई, आर्थिक वृद्धि और फेडरल रिजर्व की आगामी ब्याज दर नीति के बारे में संकेत मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि डॉलर की चाल और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रमों के कारण सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
SCROLL FOR NEXT