सन्मार्ग संवाददाता, नयी दिल्ली / काहिरा :
भारत और मिस्र ने द्विपक्षीय व्यापार को 12 अरब डॉलर तक पहुंचाने तथा निवेश और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। दोनों देश आपसी आर्थिक हितों का आकलन करने के बाद पारस्परिक लाभ वाले तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए), मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) अथवा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) की संभावनाएं तलाशेंगे। इसके लिए दोनों पक्ष एक कार्यसमूह गठित करेंगे, जो प्रस्तावित समझौते की रूपरेखा और शर्तों पर विचार करेगा।केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की 15-16 नवंबर की मिस्र यात्रा के दौरान ये महत्वपूर्ण सहमति बनीं। गोयल ने काहिरा में भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) के सातवें सत्र की सह-अध्यक्षता की। इस बार समिति को मंत्री स्तर पर उन्नत किया गया, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को दर्शाता है। बैठक में दोनों देशों ने व्यापार में विविधता लाने, उच्च मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्यात और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।
इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे
बैठक में दवाइयों, कृषि, रसायन, उर्वरक, इंजीनियरिंग उत्पाद, कपड़ा, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मिस्र के स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र में भारतीय निवेश की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। वर्तमान में लगभग 70 भारतीय कंपनियां मिस्र में करीब पांच अरब डॉलर का निवेश कर रही हैं।दोनों देशों ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत के यूपीआई और मिस्र के इंस्टापे के बीच संभावित संपर्क स्थापित करने तथा संयुक्त उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति जताई। भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार परिषद की बैठक और व्यापार मंच में 250 से अधिक भारतीय एवं मिस्र के कारोबारी शामिल हुए, जबकि स्टार्टअप मंच पर करीब 50 स्टार्टअप ने भाग लिया।