नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल बढ़ाने और अधिक परिवारों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) से जोड़ने के लिए नेशनल पीएनजी ड्राइव 3.0 शुरू किया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलेगा।
अभियान के तहत 50 लाख नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन, 40 लाख निष्क्रिय कनेक्शनों को फिर से सक्रिय करने और 50 लाख नए पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का उद्देश्य एलपीजी की जगह पीएनजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा मिश्रण में प्राकृतिक गैस की मौजूदा करीब 6 प्रतिशत हिस्सेदारी बढ़ाना है।
पीएनजीआरबी के 20वें स्थापना दिवस पर शुरू हुए इस अभियान में पेट्रोलियम मंत्रालय, पीएनजीआरबी, सिटी गैस वितरण (सीजीडी) कंपनियां, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां और अन्य हितधारक शामिल होंगे। अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस नेटवर्क के विस्तार तथा मौजूदा बुनियादी ढांचे के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष जोर रहेगा।
पुरी ने बताया कि देश में अब तक 6,87,966 इंच-किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जा चुका है, जिसके आधार पर करीब 1.30 करोड़ अतिरिक्त घरेलू पीएनजी कनेक्शन देने की क्षमता मौजूद है।
इससे पहले पीएनजी ड्राइव 2.0 के दौरान 12.10 लाख कनेक्शन, 13.37 लाख बिल्ड कनेक्शन और 15.31 लाख घरेलू पंजीकरण हुए थे। दैनिक घरेलू कनेक्शन की दर में 43 प्रतिशत और बिलिंग उपभोक्ताओं की संख्या में 166 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।
पीएनजीआरबी ने करीब 34,233 किलोमीटर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क को मंजूरी दी है। जून 2025 तक 25,429 किलोमीटर नेटवर्क चालू हो चुका था, जबकि 10,459 किलोमीटर निर्माणाधीन था। सरकार ‘वन नेशन, वन गैस ग्रिड’ के तहत पाइपलाइन, सीजीडी नेटवर्क और एलएनजी टर्मिनलों के विस्तार पर भी काम कर रही है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ उद्योग और परिवहन क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।