शेयर बाजार गिरा 
बिजनेस

मुनाफावसूली के दबाव में शेयर बाजार गिरा

सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन में सबसे ज्यादा 4.82 प्रतिशत का नुकसान रहा

Rajesh Nain

मुंबई :

वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और घरेलू स्तर पर मुनाफावसूली के दबाव में स्थानीय शेयर बाजार 2 कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद बुधवार को नुकसान के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 प्रतिशत गिरकर 82,031.81 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 751.72 अंक यानी 0.91 प्रतिशत तक गिरकर 81,780.47 अंक पर आ गया था। निफ्टी भी 159.45 अंक यानी 0.63 प्रतिशत गिरकर 25,227.95 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन में सबसे ज्यादा 4.82 प्रतिशत का नुकसान रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 2.49 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 2.45 प्रतिशत, इटर्नल में 2.45 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 1.97 प्रतिशत और इन्फोसिस में 1.86 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके उलट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.21 प्रतिशत की गिरावट पर रहा जबकि छोटी कंपनियों के स्मॉलकैप सूचकांक में 0.22 प्रतिशत का नुकसान रहा। क्षेत्रवार सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता खंड 3.14 प्रतिशत लुढ़क गया जबकि धातु खंड में 2.15 प्रतिशत, आईटी खंड में 1.41 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.32 प्रतिशत की गिरावट रही।वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत गिरकर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इस महीने 17 नवंबर तक सेंसेक्स में करीब 11 प्रतिशत और निफ्टी में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई थी। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,195.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त टिप्पणियों से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हुई है। इससे डॉलर मजबूत हुआ और ब्याज आय नहीं देने वाली सोने जैसी संपत्तियों पर दबाव पड़ा। वैश्विक जिंस कीमतों में भी कमजोरी आई।’ नायर ने कहा कि घरेलू स्तर पर हाल के उच्च स्तर के आसपास निवेशकों ने मुनाफावसूली की। ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल से शेयरों के मूल्यांकन पर दबाव पड़ा। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों के निवेश से रुपये को समर्थन मिला। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘नए सकारात्मक संकेतों के अभाव में निवेशकों ने पिछले दो सत्रों की तेजी के बाद मुनाफावसूली की। टिकाऊ उपभोक्ता सामान क्षेत्र में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। आभूषण कंपनियों के शेयरों में कमजोरी इसका प्रमुख कारण रही। वाहन, सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय सेवा क्षेत्रों में भी दबाव रहा।’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में दोपहर के सत्र में मिला-जुला रुख देखा गया। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 1.64 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 1.03 प्रतिशत और नैस्डैक कम्पोजिट में 0.74 प्रतिशत की गिरावट रही। मंगलवार को सेंसेक्स 427.40 अंक चढ़कर 82,532.19 अंक पर जबकि निफ्टी 96.30 अंक बढ़कर 25,387.40 अंक पर रहा था।
SCROLL FOR NEXT