मुंबई : प्रमुख कंपनियों एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में मुनाफावसूली होने के कारण स्थानीय शेयर बाजार में तीन दिनों से चली आ रही तेजी शुक्रवार को थम गई। बीएसई का सेंसेक्स 387.73 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,626.23 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 528.04 अंक गिरकर 82,485.92 अंक पर आ गया था। एनएसई का निफ्टी 96.55 अंक यानी 0.38 प्रतिशत गिरकर 25,327.05 अंक पर आ गया। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स कुल 721.53 अंक यानी 0.88 प्रतिशत मजबूत हुआ जबकि एनएसई निफ्टी में 213.05 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
क्या रही स्थिति : सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक में सबसे अधिक गिरावट रही। दूसरी तरफ, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, एसबीआई, एनटीपीसी और सन फार्मा के शेयर लाभ में रहे। कारोबार के दौरान अदाणी समूह की कंपनियों में खासी तेजी देखी गई। दरअसल उद्योगपति गौतम अदाणी और उनकी अगुवाई वाले अदाणी समूह को बाजार नियामक सेबी द्वारा शेयर हेराफेरी के आरोपों में क्लीन चिट दिए जाने के बाद समूह की सभी कंपनियों में उछाल दर्ज की गई।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ : जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, भारतीय शेयर बाजार में कई सत्रों से जारी तेजी के बाद मुनाफावसूली हावी रही। अमेकिका-भारत व्यापार वार्ता में सकारात्मक प्रगति और वैश्विक तरलता में सुधार से निवेशक धारणा को समर्थन मिला।बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.16 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मिडकैप सूचकांक में 0.09 प्रतिशत की गिरावट रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता खंड 0.52 प्रतिशत के नुकसान में रहा जबकि वित्तीय सेवा खंड में 0.42 प्रतिशत और एफएमसीजी खंड में 0.39 प्रतिशत की गिरावट रही। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत गिरकर 67.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।