स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस
मुंबई :
विमानन नियामक DGCA ने परिचालन संकट से जूझ रही स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी कर उड़ानों के लगातार रद्द होने, भुगतान में देरी के कारण परिचालन में आ रही बाधाओं और नियमों के उल्लंघन पर 7 दिन के भीतर जवाब मांगा है। सूत्रों के मुताबिक, नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में एयरलाइन के परिचालन प्रदर्शन में लगातार गिरावट, समय पर उड़ान संचालन में कमी और उड़ानों में देरी एवं रद्द होने की बढ़ती घटनाओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। नियामक ने स्वीकृत उड़ान कार्यक्रम का पालन नहीं करने, उड़ानों में व्यवधान के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी और यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया है।
अधिकांश विमान जमीन पर
DGCA ने नोटिस में कहा है कि स्पाइसजेट के बेड़े के अधिकांश विमान जमीन पर खड़े हैं और एयरलाइन इन विमानों को दोबारा सेवा में लाने के लिए कोई विश्वसनीय योजना पेश करने में नाकाम रही है। नियामक ने अनिवार्य बीमा कवर के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता के साथ-साथ सेवा प्रदाताओं को भुगतान में देरी से परिचालन में आ रही बाधाओं पर विदेशी विमानन नियामकों की ओर से जताई गई चिंताओं का भी उल्लेख किया है।
जुर्माना भी नहीं चुका पा रही
DGCA ने एयरलाइन से पहले लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने पर भी जवाब मांगा है। नोटिस के मुताबिक, बार-बार याद दिलाए जाने के बावजूद एयरलाइन ने यह जुर्माना नहीं चुकाया है। एयरलाइन निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए पात्रता संबंधी शर्तों को पूरा करने में भी विफल रही है। इसके अलावा, मई में कार्रवाई और जुर्माना लगाए जाने के बावजूद वह मार्ग वितरण दिशानिर्देशों (आरडीजी) का बार-बार पालन करने में विफल रही है। हालांकि, पहले लगाए गए जुर्माने का ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका। इस संबंध में स्पाइसजेट की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।
शेयरों में बड़ी गिरावट
यह नोटिस ऐसे समय जारी किया गया है जब इसके एक दिन बाद 18 नवंबर को स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इस बीच, बीएसई में शुक्रवार को दोपहर के कारोबार के दौरान एयरलाइन के शेयर करीब 5 प्रतिशत गिरकर 9.74 रुपये पर आ गए। बीएसई ने भी DGCA के कारण बताओ नोटिस से जुड़ी खबरों पर एयरलाइन से स्पष्टीकरण मांगा है। दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि स्पाइसजेट के सामने आ रही परिचालन संबंधी चुनौतियों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। एयरलाइन की घरेलू बाजार हिस्सेदारी भी सितंबर में घटकर 0.6 प्रतिशत रह गई, जो अगस्त में 1.2 प्रतिशत थी।