सोना-चांदी  
बिजनेस

52,000 रुपये टूटकर 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई चांदी

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के कारण सोने और चांदी में गिरावट

नयी दिल्ली : लगातार तीसरे दिन : चांदी की कीमतें तेजी से गिरीं। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में यह 52,000 रुपये टूटकर 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि कमजोर वैश्विक रुझानों और मजबूत डॉलर के बीच सोना टूटकर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ का कहना है कि चांदी 52,000 रुपये, या लगभग 17 प्रतिशत टूटकर 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। शनिवार को, चांदी 19 प्रतिशत, या 72,500 रुपये गिरकर 3.12 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई थी।

तीन सत्रों में 36 प्रतिशत गिरी : पिछले तीन सत्रों में, चांदी की कीमतें 1,44,500 रुपये, या लगभग 36 प्रतिशत गिरकर 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आ गई हैं। 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर 29 जनवरी को दर्ज किया गया जो अब तक की सबसे ऊंची कीमत थी।

सोने की कीमत पर भी बिकवाली का असर : 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत पर भी बिकवाली का असर पड़ा। सोमवार को यह 12,800 रुपये, या 7.73 प्रतिशत गिरकर 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। पिछले सत्र में यह 1,65,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

मुनाफावसूली की होड़ : पिछले तीन सत्रों में, सोना 30,300 रुपये, या लगभग 17 प्रतिशत गिरकर 29 जनवरी के 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से नीचे आ गया है, क्योंकि तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की होड़ मच गई।

क्या कहते हैं विश्लेषक : मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में जिंस विश्लेषक, मानव मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क बातचीत के बीच डॉलर में उछाल और अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के कारण सोने और चांदी में गिरावट आई। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘हाजिर सोने ने सप्ताह की शुरुआत नकारात्मक रुख के साथ की और मजबूत डॉलर और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा केविन वार्श को अगले फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के रूप में नामित करने के कारण भारी बिकवाली के दबाव में रहा।’

SCROLL FOR NEXT