मुंबई : उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी जाती रही। प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 135.03 अंक यानी 0.18 प्रतिशत टूटकर 75,183.36 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 75,945.79 अंक तक गया और नीचे में 74,996.78 अंक तक आया। यानी इसमें 949.01 अंक का उतार-चढ़ाव आया। एनएसई निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,654.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। लाभ में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं। बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.48 प्रतिशत चढ़ा जबकि मिडकैप सेलेक्ट लगभग अपरिवर्तित रहा।
बिकवाली के दबाव ने तेजी को सीमित कर दिया : रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, बाजार अस्थिर रहे और लगभग स्थिर बंद हुए। वैश्विक बाजारों में स्थिरता के चलते निफ्टी मजबूती से खुला। हालांकि, विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख शेयरों में बिकवाली के दबाव ने तेजी को सीमित कर दिया और कारोबार आगे बढ़ने के साथ ही सूचकांक धीरे-धीरे नीचे आ गया।
सतर्कता का माहौल : विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर निकासी, वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि और ईंधन की ऊंची कीमतों से उत्पन्न मुद्रास्फीति के दबाव को लेकर चिंताओं के कारण बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 104.3 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए। चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।