एसबीआई चालू वित्त वर्ष में करेगा 12 हजार भर्तियां, 250 नई शाखाएं खोलेगा 
बिजनेस

एसबीआई चालू वित्त वर्ष में करेगा 12 हजार भर्तियां, 250 नई शाखाएं खोलेगा

बैंक 200 से 250 नई शाखाएं खोलकर अपने नेटवर्क का विस्तार करेगा, चेयरमैन सी. एस. शेट्टी के अनुसार वित्त वर्ष के अंत तक भर्ती और विस्तार योजना पूरी होने की उम्मीद

नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र का भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) चालू वित्त वर्ष में करीब 11,000 से 12,000 कर्मचारियों की भर्ती करने और 200 से 250 नई शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है। एसबीआई के चेयरमैन सी. एस. शेट्टी ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में यह जानकारी दी।

शेट्टी ने कहा कि भर्ती मुख्य रूप से लिपिक और अधिकारी स्तर पर होगी। सेवानिवृत्तियों और बैंक की बदलती जरूरतों के आधार पर संख्या में थोड़ा बदलाव हो सकता है, लेकिन वित्त वर्ष के अंत तक करीब 12,000 नियुक्तियां होने की उम्मीद है।

2025-26 में बैंक ने की थी 25,633 कर्मचारियों की भर्ती

उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में बैंक ने बड़े पैमाने पर भर्ती की थी, जिसमें 1,500 विशेषज्ञ आईटी अधिकारियों की नियुक्ति भी शामिल थी। इस साल आईटी क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती की आवश्यकता नहीं है। मार्च 2026 तक एसबीआई के कर्मचारियों की संख्या 2.45 लाख से अधिक थी, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने कुल 25,633 कर्मचारियों की भर्ती की थी।

बैंक के विस्तार की भी गुंजाइश

शेट्टी ने कहा कि बड़े शाखा नेटवर्क के बावजूद देश के कई हिस्सों में बैंक के विस्तार की गुंजाइश है। नई कॉलोनियों और व्यावसायिक रूप से सक्रिय जिलों में शाखाओं की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। कुछ शाखाओं के युक्तिकरण के बावजूद बैंक को हर साल शाखाओं की संख्या में करीब 200 से 250 की शुद्ध वृद्धि की उम्मीद है।

हिस्सेदारी बेचने की कोई योजना नहीं

एनएसई में प्रस्तावित हिस्सेदारी बिक्री पर उन्होंने कहा कि एसबीआई और उसकी अनुषंगी एसबीआई कैपिटल मार्केट्स मिलकर करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी बेच सकती हैं। इसमें एसबीआई की 0.65 प्रतिशत और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स की 0.35 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल होगी। वर्तमान में दोनों के पास क्रमशः 3.23 प्रतिशत और 4.33 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

शेट्टी ने कहा कि निकट भविष्य में अन्य अनुषंगियों में हिस्सेदारी बेचने की कोई योजना नहीं है।

SCROLL FOR NEXT