रुपया लगातार चौथे सत्र में मजबूत 
बिजनेस

रुपया लगातार चौथे सत्र में मजबूत, 5 पैसे चढ़कर 93.36 प्रति डॉलर पर

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण भारतीय मुद्रा की बढ़त पर अंकुश लगा

Rajesh Nain

मुंबई :

रुपया गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मजबूत बना रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार लिवाली के बीच डॉलर में नरमी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण भारतीय मुद्रा की बढ़त पर अंकुश लगा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.17 के उच्चस्तर तक गया और 93.55 के निचले स्तर तक आया।

अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 93.41 पर बंद हुआ था। इससे पहले के दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 68 पैसे की तेजी आई थी। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये ने सुबह की शुरुआती गिरावट की भरपाई कर ली। ऊंचे स्तर से अमेरिकी डॉलर में नरमी ने भी रुपये को समर्थन दिया।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में सुधार ने रुपये की तेज बढ़त को सीमित किया। चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा लिवाली से रुपये को आगे भी समर्थन मिल सकता है।

हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त मौद्रिक रुख, जिसका संकेत एफओएमसी की ताजा बैठक के ब्योरे में मिला है, और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘कारोबारियों की नजर अमेरिका के साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों पर रहेगी। डॉलर-रुपये की हाजिर विनिमय दर 92.95 से 93.50 के दायरे में रहने का अनुमान है।’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत गिरकर 103.61 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.53 प्रतिशत बढ़कर 92.44 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 अंक पर बंद हुआ।

वहीं, निफ्टी 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत चढ़कर 25,514.30 अंक पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

SCROLL FOR NEXT