रुपया-डॉलर 
बिजनेस

रुपया 52 पैसे मजबूत होकर 92.54 प्रति डॉलर पर

नीतिगत दरों को अपरिवर्तित रखने के फैसले से घरेलू मुद्रा को बल मिला

मुंबई : अमेरिका एवं ईरान के बीच संघर्षविराम की घोषणा और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नीतिगत दरों को अपरिवर्तित रखने के फैसले से घरेलू मुद्रा को बल मिला और रुपया 52 पैसे की बढ़त के साथ 92.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा के संदर्भ में उठाए गए कदमों के कोई ढांचागत बदलाव नहीं होने को लेकर आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा द्वारा भरोसा दिलाने के बाद निवेशकों की कारोबारी धारणा को बल मिला।

क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.92 पर खुला। यह शुरुआती कारोबार में 92.45 प्रति डॉलर तक पहुंचा और अंत में 92.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 52 पैसे की बढ़त है। रुपया मंगलवार को 93.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

डॉलर सूचकांक : इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.90 पर रहा।

ब्रेंट क्रूड : अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 13.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

SCROLL FOR NEXT