मुंबई : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले पांच पैसे की तेजी के साथ 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह अबतक के सबसे निचले स्तर पर चला गया था लेकिन बाद में भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से इसमें सुधार आया। कारोबारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास बना हुआ है। यह भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव बनाए हुए है। इसके अलावा, बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की लगातार निकासी जैसे कारकों ने निवेशकों की धारणा को और भी कमजोर किया।
क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.30 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह और कमजोर होकर 95.44 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। अंत में यह 95.18 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर की तुलना में पांच पैसे की मजबूती है। सोमवार को भी रुपया 39 पैसे टूटकर 95.23 प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ था।
रुपया कमजोर रहेगा : मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, हमारा अनुमान है कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण रुपया कमजोर रहेगा, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी बंद है। आयातकों की डॉलर की मांग और अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है।हालांकि, रिजर्व बैंक के दखल से निचले स्तरों पर रुपये को सहारा मिल सकता है। डॉलर-रुपया हाजिर मूल्य 95.10 से 95.55 के दायरे में कारोबार करने का अनुमान है।
डॉलर सूचकांक : इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.47 पर रहा।
ब्रेंट क्रूड वायदा : ब्रेंट क्रूड वायदा बाजार में 1.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 112.64 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।