मुंबई : पश्चिम एशिया के बिगड़ते हालात के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और डॉलर के मजबूत होने से अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 39 पैसे लुढ़ककर 92.21 प्रति डॉलर के अपने सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशीमुद्रा कारोबारियों ने कहा कि दुनिया में अनिश्चितता बढ़ने से ऊर्जा की कीमतें बढ़ने का खतरा है। इससे व्यापार घाटा बढ़ सकता है और महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से रुपये पर और दबाव पड़ा।
क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.22 पर खुला और थोड़ी देर के लिए मजबूत होकर 92.15 तक पहुंच गया। लेकिन बाद में लगातार गिरावट के बीच यह अंत में 92.35 के अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। सोमवार के कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 39 पैसों की बड़ी गिरावट के साथ 92.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
क्या रहा कारण : एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, एशिया के अन्य देशों की मुद्राओं के अनुरूप, डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट आई है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा हो गई हैं...।बढ़ती ऊर्जा लागत भारत का व्यापार घाटा, जीडीपी वृद्धि दर और महंगाई के लिए एक बड़ा खतरा है, क्योंकि देश तेल आायत पर बहुत ज्यादा निर्भर है।बढ़ती अनिश्चितता के बीच, डॉलर-रुपये हाजिर मूल्य के मजबूत रहने का अनुमान है, जिसका प्रतिरोध स्तर 93.00 के पास और स्थापित समर्थन स्तर 91.80 पर है।
डॉलर सूचकांक : दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.29 प्रतिशत बढ़कर 99.27 पर पहुंच गया।