रुपया - डॉलर 
बिजनेस

रुपया 53 पैसे टूटकर 94.68 प्रति डॉलर पर

निवेशकों का भरोसा कम होने से रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई

मुंबई : कच्चे तेल की ऊंची कीमत और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के कारण निवेशकों का भरोसा कम होने से रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 53 पैसे टूटकर 94.68 पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा है कि चालू खाते के घाटे (सीएडी) में संभावित वृद्धि और अस्थिर पूंजी प्रवाह के कारण भी रुपये में तेज गिरावट आई है। विदेशी निवेशकों द्वारा निंरतर निकासी से रुपये पर दबाव पड़ा है। इस साल अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से 19 अरब डॉलर से अधिक की निकासी की है।

94.35 पर खुला : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.35 पर खुला और कारोबार के अंत में यह 94.68 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 53 पैसे की गिरावट है। रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 94.15 पर बंद हुआ था।

कमजोर पूंजी प्रवाह : केयरएज रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने कहा, रुपये पर मुख्य दबाव कमजोर पूंजी प्रवाह से उत्पन्न होता है। शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रवाह कम रहा है, जबकि विदेशी पूंजी की निकासी वैश्विक अनिश्चितता के कारण बढ़ी है...।

डॉलर सूचकांक : छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.73 पर रहा।

ब्रेंट क्रूड : अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.62 प्रतिशत चढ़कर 111.07 डॉलर प्रति बैरल रहा।

SCROLL FOR NEXT