रुपये 
बिजनेस

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से रुपया 43 पैसे टूटा

डॉलर सूचकांक में मजबूती, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और कच्चे तेल के ऊंचे दाम से रुपये पर दबाव, हालांकि निचले स्तर पर RBI के संभावित हस्तक्षेप से 95.40-96.10 के दायरे में रहने की उम्मीद

मुंबई : पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच निवेशकों के जोखिम न लेने की धारणा के कारण रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 43 पैसे कमजोर होकर 95.61 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपये ने पिछले कारोबार की बढ़त को गंवा दिया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में वृद्धि ने भी निवेशकों के विश्वास को प्रभावित किया। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में और गिरावट की आशंका है। डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। निचले स्तर पर RBI का हस्तक्षेप रुपये को सहारा दे सकता है। अनुमान है कि डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर दर 95.40 से 96.10 रुपये प्रति डॉलर के दायरे में रह सकती है।

क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.35 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.15 के उच्च स्तर तक गया। इससे पहले शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा विदेशी पूंजी प्रवाह को समर्थन देने के उपायों की घोषणा के बाद रुपया 56 पैसे मजबूत होकर 95.18 पर बंद हुआ था।

डॉलर सूचकांक : इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ 100.16 पर रहा।

ब्रेंट क्रूड : वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.94 प्रतिशत गिरकर 96.76 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

SCROLL FOR NEXT