कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपया 21 पैसे टूटकर 94.95 प्रति डॉलर 
बिजनेस

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपया 21 पैसे टूटकर 94.95 प्रति डॉलर

कच्चे तेल के 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने और अमेरिका-ईरान तनाव से रुपये पर दबाव, शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले नई गिरावट दर्ज

मुंबई : कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 21 पैसे टूटकर 94.95 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी ने रुपये की गिरावट को कुछ हद तक सीमित रखा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.80 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 94.95 तक गिर गया। मंगलवार को रुपया 18 पैसे कमजोर होकर 94.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से रुपये पर दबाव बढ़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति बताने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत गिरकर 98.76 पर आ गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 1.41 प्रतिशत बढ़कर 99.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में भी शुरुआती कारोबार में दबाव देखने को मिला। सेंसेक्स 500.25 अंक गिरकर 75,060.61 और निफ्टी 129.40 अंक टूटकर 23,506.10 अंक पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 123.19 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।

SCROLL FOR NEXT