रुपया 
बिजनेस

रुपया अबतक के सबसे निचले स्तर पर

ब्रेंट क्रूड की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से रुपये पर दबाव

मुंबई : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 20 पैसे टूटकर 94.88 प्रति डॉलर के अपने अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से रुपये पर दबाव बना हुआ है। बढ़ी हुई कीमत से भारत के आयात खर्च पर असर पड़ने की आशंका है। साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी संकट और इसके व्यापक संघर्ष में बदलने की आशंकाओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।विश्लेषकों के अनुसार, निवेशक अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, इस साल अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारी बिकवाली ने भी निवेश धारणा को कमजोर किया है।

क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.79 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 94.88 के निचले स्तर तक गया। अंत में यह सर्वकालिक निचले स्तर 94.88 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट है। मंगलवार को रुपया 53 पैसे की गिरावट के साथ 94.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपये का सर्वकालिक निचला बंद स्तर 27 मार्च को 94.85 प्रति डॉलर दर्ज किया गया था।

कमजोरी का रुझान : एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, रुपये में कमजोरी का रुझान बना हुआ है और जब भी इसमें उछाल आता है, बिकवाली का दबाव बना रहता है। इससे यह ऊंचे स्तर पर टिक नहीं पाता....। आने वाले समय में रुपये में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और इसकी दिशा कच्चे तेल की कीमतों तथा पूंजी के प्रवाह पर निर्भर करेगी।

डॉलर सूचकांक : इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत बढ़कर 98.72 पर पहुंच गया।

ब्रेंट क्रूड : अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 3.13 प्रतिशत बढ़कर 114.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को कहा कि वह एक मई से ओपेक से बाहर हो जाएगा, जो वैश्विक तेल समूह के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT