एनएसई को कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स डेरिवेटिव शुरू करने की सेबी से मंजूरी 
बिजनेस

एनएसई को कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स डेरिवेटिव शुरू करने की सेबी से मंजूरी

Goutam Ojha

नई दिल्ली : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स डेरिवेटिव शुरू करने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिल गया है।

एनएसई ने गुरुवार को बताया कि प्रस्तावित उत्पाद से बाजार प्रतिभागियों को कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार से जुड़े जोखिमों के प्रबंधन के लिए एक्सचेंज पर कारोबार का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे भारत में कॉरपोरेट बॉन्ड डेरिवेटिव बाजार के विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस उत्पाद के जरिए निवेशकों और अन्य बाजार प्रतिभागियों को पोर्टफोलियो तथा कीमत संबंधी जोखिमों के प्रबंधन और कीमतों की बेहतर खोज के लिए अतिरिक्त साधन मिल सकता है। इससे कॉरपोरेट बॉन्ड पोर्टफोलियो से जुड़े जोखिमों की हेजिंग और कारोबार की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है।

हालांकि, एनएसई को इस उत्पाद की शुरुआत के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी भी लेनी होगी।

एनएसई के मुख्य कारोबार विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहा कि यह पहल भारत के निश्चित आय वाले बाजार को व्यापक बनाने और एनएसई पर उपलब्ध जोखिम प्रबंधन उत्पादों का विस्तार करने के प्रयास का हिस्सा है।

कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स डेरिवेटिव ऐसे वित्तीय साधन हैं जिनका मूल्य किसी कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक के प्रदर्शन से जुड़ा होता है। इनके जरिए बाजार प्रतिभागी बॉन्ड बाजार में कीमत और ब्याज दर से जुड़े जोखिमों का प्रबंधन कर सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT