मस्क ने लगाया बड़ा दांव, बिना स्टीयरिंग और ब्रेक पेडल वाली रोबोटैक्सी सड़कों पर उतारी 
बिजनेस

मस्क ने लगाया बड़ा दांव, बिना स्टीयरिंग और ब्रेक पेडल वाली रोबोटैक्सी सड़कों पर उतारी

सुनहरे रंग की नई रोबोटैक्सी के साथ टेस्ला अन्य अमेरिकी शहरों में विस्तार की तैयारी में, आपात स्थिति में यात्री नियंत्रण न होने से तकनीक पर भरोसे की परीक्षा

न्यूयॉर्क : टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क ने बृहस्पतिवार को टेक्सास के ऑस्टिन की सड़कों पर बिना स्टीयरिंग व्हील और ब्रेक पेडल वाली दर्जनों स्वचालित ‘साइबरकैब’ उतारकर रोबोटैक्सी सेवा की शुरुआत की। कंपनी को उम्मीद है कि यात्री आपात स्थिति में वाहन पर कोई नियंत्रण न होने की आशंका के बावजूद इस नई तकनीक को अपनाएंगे।

सुनहरे रंग की इन टेस्ला टैक्सियों की शुरुआत ऐसे समय हुई है जब कंपनी अन्य अमेरिकी शहरों में भी सेवा विस्तार की तैयारी कर रही है। हालांकि, यात्रियों के लिए सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा और भरोसे का है, क्योंकि वाहन में आपात स्थिति में नियंत्रण अपने हाथ में लेने के लिए स्टीयरिंग या ब्रेक पेडल नहीं दिया गया है।

एक्स पर दी जानकारी

टेस्ला के शेयरों में गुरुवार को पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। इससे पहले वाहनों की बिक्री में गिरावट के कारण कंपनी के शेयर दबाव में थे। निवेशकों को उम्मीद है कि भविष्य की तकनीक जैसी दिखने वाली साइबरकैब लोकप्रिय होने पर टेस्ला के कारोबार को नई गति मिल सकती है। सेवा शुरू होने से पहले कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, “कोई स्टीयरिंग व्हील नहीं, कोई ब्रेक पेडल नहीं।”

प्रतिस्पर्धा का करना पड़ रहा सामना

हालांकि, स्वचालित टैक्सी बाजार में टेस्ला को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर उतारी गई टैक्सियों और पूरी की गई यात्राओं के मामले में वह वेमो से पीछे है। टेस्ला को यह साबित करना होगा कि उसकी कैमरा-आधारित प्रणाली पैदल यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए विश्वसनीय ढंग से काम कर सकती है। इसके विपरीत वेमो और अमेजन की जूक्स कैमरों के साथ रडार और लेजर आधारित लिडार तकनीक का इस्तेमाल करती हैं।

यात्रियों का भरोसा जीतने की चुनौती

तकनीक के सफल होने के बावजूद टेस्ला के सामने यात्रियों का भरोसा जीतने की चुनौती है। फरवरी में प्यू रिसर्च सेंटर के सर्वेक्षण में 10 में से सात अमेरिकी वयस्कों ने कहा था कि वे बिना चालक वाली कार में बैठने को लेकर बिल्कुल सहज नहीं हैं या बहुत कम सहज महसूस करते हैं।

SCROLL FOR NEXT